Latest

MP Weather Alert: कोहरे और बारिश की संभावना, आज छा सकता है घना कोहरा

MP Weather Alert: कोहरे और बारिश की संभावना, आज  घना कोहरा  छा सकता है। पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी आने लगी है। इस वजह से ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, भोपाल संभाग के जिलों में घना कोहरा छा रहा है। शनिवार को सुबह ग्वालियर में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। खजुराहो में दृश्यता 50 मीटर, भोपाल में 800 मीटर रही।

प्रदेश में सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया एवं ग्वालियर में दर्ज किया गया। चार शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। उधर, ग्वालियर, दतिया एवं छतरपुर जिलों में शनिवार को शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने की संभावना है। रविवार को भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।

कोहरे और बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी प्रकाश ढवले ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात में सक्रिय है। इसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है। इसके प्रभाव से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है।

हवाओं के साथ नमी आने के कारण बादल भी छाने लगे हैं। इस वजह से ग्वालियर, चंबल, सागर, संभाग के जिलों में कोहरा बना रहने की संभावना है। रविवार को भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। सोमवार को भोपाल, सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में भी वर्षा होने के आसार हैं। मंगलवार से मौसम साफ होने लगेगा, लेकिन सात जनवरी से एक बार फिर प्रदेश में वर्षा हो सकती है।

Back to top button