MP में लॉक डाउन तक स्थगित रहेंगी 10 वीं-12 वीं की परीक्षा, बाकी कक्षाओं में जनरल प्रमोशन

भोपाल। कोरोना वायरस के कारण देशभर में लॉकडाउन की स्थिति है। फिलहाल 14 अप्रैल तक देश में लॉकडाउन रहेगा। इस वजह से कई राज्यों की बोर्ड परीक्षाएं, भर्ती परीक्षाएं, प्रवेश परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इसी क्रम में अब मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। जबकि सरकार ने अन्य कक्षाओं के बच्चों को जनरल प्रमोशन देने का फैसला किया है।
10वीं बोर्ड परीक्षा के 2 पेपर शेष थे जबकि 12वीं बोर्ड परीक्षा के 3 पेपर बाकी हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए ये फैसला किया है। सीएम ने इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इन निर्देशों के मुताबिक 10वीं व 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं लॉकडाउन तक स्थगित कर दी गई हैं। लॉकडाउन के बाद स्थिति का आकलन कर नई तारीखें घोषित की जाएंगी। मध्यप्रदेश के जनसंपर्क विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके मुताबिक स्पष्ट किया गया कि मध्यप्रदेश बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षा आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा शेष कक्षाओं में जनरल प्रमोशन दिया जाएगा यानी बाकी कक्षाओं के छात्रों को बिना परीक्षा दिए अगली कक्षा में भेज दिया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में भी विभिन्न कक्षाओं के बच्चों को जनरल प्रमोशन दिया गया है।
बता दें कि लॉकडाउन की स्थिति के पहले मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जारी थी। लेकिन लॉकडाउन के कारण सारे स्कूल बंद करने के निर्देश जारी किए गए और फिर बाद में पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश पर पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन कर दिया गया। ये लॉकडाउन 14 अप्रैल 2020 तक चलेगा। यहां बता दें कि मध्यप्रदेश में 10वीं बोर्ड परीक्षा के 2 पेपर शेष थे जबकि 12वीं बोर्ड परीक्षा के 3 पेपर बाकी हैं। अब नए निर्देश के मतुाबिक ये परीक्षाएं 14 अप्रैल 2020 के बाद रिशेड्यूल की जाएंगी।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के 40 से ज्यादा पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। जबकि 1100 से ज्यादा लोग फिलहाल आईसोलेशन में हैं। प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और पूरे प्रदेश में इंदौर में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। अकेले इंदौर में अब तक कोरोनो के 30 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इंदौर में ही 2 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
परीक्षाओं के संबंध में फैसले के अलावा मध्यप्रदेश सरकार ने संपत्ति कर, किसान क्रेडिट कार्ड भुगतान तथा स्कूल-कॉलेजों की फीस भरने की तारीखें भी 30 अप्रैल तक बढ़ा दी हैं। कलेक्टर गाईड लाइन की तिथि भी 30 मार्च से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2020 करने का फैसला किया।








