FEATUREDLatestमध्यप्रदेश

MP: फाटक तोड़ राजधानी एक्सप्रेस से टकराया ट्रक, दो कोच ट्रैक से उतरे

भोपाल।  फाटक तोड़ राजधानी एक्सप्रेस से टकराया ट्रक, दो कोच ट्रैक से उतरे इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई है
मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. एक तेज रफ्तार ट्रक रेलवे फाटक तोड़ते हुए त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस से टकरा गया. हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि रेलगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. दुर्घटना में किसी भी रेल यात्री को चोट नहीं पहुंची हैं.

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हादसा दाहोद-रतलाम रेल खंड पर मेघनगर और थांदला रोड स्टेशनों के बीच हुआ. यह जगह इंदौर से करीब 175 किलोमीटर दूर है.

उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार से जा रहा ट्रक रेलवे फाटक तोड़ते हुए राजधानी एक्सप्रेस (12431) से सुबह करीब पौने सात बजे टकरा गया. हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई. इसके साथ ही, यात्री रेलगाड़ी के दो कोच (B-7 और B-8) पटरी से उतर गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के ड्राइवर केबिन के परखच्चे उड़ गए.

अधिकारी ने कहा कि फिलहाल इस हादसे में किसी भी रेल यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. हालांकि, हादसे की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ रेल अधिकारियों का दल दुर्घटना राहत ट्रेन और चिकित्सा राहत ट्रेन के साथ मौके पर पहुंच गया है.

Leave a Reply

Back to top button