MP: चीखती रही पत्नी नहीं माने दबंग, पेट्रोल डालकर किसान को जिंदा जलाया


घटना राजधानी से सटे बैरसिया तहसील के परसोरिया घाटखेड़ी गांव की है जहां चार दबंगों ने गुरुवार को 70 साल के दलित किसान किशोरीलाल जाटव को उनकी पत्नी के सामने ही पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. किसान का कसूर इतना था कि उन्होंने अपनी पट्टे की जमीन को जोत रहे दबंगों का विरोध किया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया. शाम तक छानबीन करने की बाद पुलिस ने रात करीब 11:30 बजे चारों आरोपियों को गांव के पास से ही हिरासत में ले लिया.
मृतक किसान किशोरी लाल के बेटे ने बताया कि 2002 में सरकार ने 3.5 एकड़ जमीन पर हमें पट्टा दिया था. तभी से इस पर हम खेती कर रहे थे. इस साल गांव के दबंग तीरन सिंह यादव ने कब्जा कर लिया. और गुरुवार को चार लोग खेत को ट्रैक्टर से जोत रहे थे. इसके बाद पिताजी ने विरोध किया तो चारों धमकाने लगे. इसके बाद प्रकाश, संजू, बलबीर ने पिता के हाथ-पैर पकड़े और तीरन ने पेट्रोल उड़ेलकर जिंदा जला दिया.
किसान के बेटे ने बताया कि मेरी मां चिल्लाती रही, पर किसी ने उनकी नहीं सुनी. बाद में मां भागकर घर आई और उन्होंने मुझे पूरी घटना बताई. हम आनन-फानन में पिताजी को लेकर अस्पताल भागे लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए.








