FEATURED

Medanta Hospital: मेदांता अस्पताल को मिली बम से उड़ाने की धमकी

 मेदांता अस्पताल में बम की धमकी के बाद मौके पर बम निरोधक दस्ता पहुंचा और अस्पताल में तीन घंटे तक सर्चिंग की गई।

 विजय नगर स्थित मेदांता अस्पताल को गुरूवार रात बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन तुरंत अलर्ट हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। जिसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ता(बीडीएस) पहुंचा और अस्पताल में तीन घंटे तक सर्चिंग करते रहे।

अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों और स्वजनों को इसकी सूचना नहीं दी थी, लेकिन टीम को देखकर वह घबरा गए थे। बीडीएस टीम ने आठ मंजिल अस्पताल में आइसीयू, निजी वार्ड, स्टोर रूम, डाक्टर कक्ष, नर्स कक्ष, स्वजनों के सामान, पार्किंग आदि की बारीकी से जांच की, लेकिन उन्हें यहां कुछ भी नहीं मिला।

टीम ने करीब आठ बजे से साढ़े दस बजे तक सर्चिंग की। इस मामले में मेदांता प्रबंधन का कहना है कि दिल्ली के गुड़गाव स्थित मेदांता अस्पताल में फोन में आया था कि मेदांता अस्पताल को बम से उड़ा देंगे।

इसके बाद लखनऊ, पटना, रांची, इंदौर सभी जगह पर अस्पतालों को अलर्ट कर दिया था। सूचना मिलने के बाद हमने पुलिस से संपर्क किया। हमने अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्वजनों को इसकी जानकारी नहीं दी थी, क्योंकि हम बता देते तो वह घबरा जाते। हमें यहीं लगता है कि यह फर्जी फोन था।

थाना प्रभारी रविन्द्र गुर्जर के मुताबिक हमें अस्पताल से सूचना मिली थी, इसके बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे। बीडीएस की टीम भी मौके पर थी, जिन्होंने पुरे अस्पताल में सर्चिंग की।

 

 

Back to top button