Latest

Manipur Political Crisis : भाजपा ने हासिल किया विश्‍वास मत, कांग्रेस विधायकों ने सदन में फेंकी कुर्सियां

इम्‍फाल, एजेंसियां। मणिपुर में पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक संकट का पटाक्षेप हो गया है। भाजपा के नेतृत्व वाली एन बीरेन सिंह सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है।

राज्य सरकार ने 28-16 के अंतर से विश्वास मत हासिल किया। विधानसभा के एकदिवसीय सत्र में मैराथन बहस के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया।

मुख्यमंत्री की सधी सियासी चाल के चलते कांग्रेस के आठ विधायक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल ही नहीं हुए। इसके बाद सरकार का विश्वास मत पाना महज एक औपचारिकता रह गई थी।

विश्वास मत के बाद सदन की मर्यादा उस वक्‍त तार तार हो गई जब कांग्रेस विधायकों ने विरोध जताया और सदन में कुर्सियां उछालीं। 60 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस के 24 विधायक हैं।

तीन विधायकों के इस्तीफे और चार विधायकों को दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित किए जाने के बाद विधानसभा में अब 53 विधायक रह गए हैं।

भाजपा और कांग्रेस ने अपने विधायकों को व्हिप जारी करते हुए विधानसभा में मौजूद रहने और पार्टी लाइन के मुताबिक वोट देने के लिए कहा था।

Back to top button