Mahakal Lok सावन मास में बाबा महाकाल के दर्शन की होगी ये सुलभ व्यवस्था

महाकाल की निकलेगी 10 सवारियां
सावन भादो मास में भगवान महाकाल की दस सवारियां निकलेंगी। मंदिर समिति चार जुलाई से 11 सितंबर तक चलने वाले महामहोत्सव को देखते हुए व्यवस्था निर्धारित कर रही है। बताया जाता है श्रावण-भादो मास में चार जुलाई से 11 सितंबर तक गर्भगृह में भक्तों का प्रवेश बंद रहेगा। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय रविवार को प्रबंध समिति की बैठक में लिया जाएगा।
समिति श्रावण मास में देशभर से भगवान महाकाल का जलाभिषेक करने आने वाले कावड़ यात्रियों की व्यवस्था भी निर्धारित करेगी। बैठक में उज्जैन के लोगों के लिए अलग से द्वार तय करने का महत्वपूर्ण बिंदु भी शामिल रहेगा। इस पर भी निर्णय होने की बात कही जा रही है। अगर ऐसा हुआ तो श्रावण अधिक मास में स्थानीय भक्त सुविधा से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। श्रावण महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के नाम भी तय हो सकते हैं। बताया जाता है कर्मचारियों की वेतन वृद्धि का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जा सकता है।








