Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस और भजपा के बीच कांटे की टक्कर : मतदान करके लौट रहे तीन लोगों की मौत

महाराष्ट्र । महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मतदान करके लौट रहे तीन लोगों की मौत हो गई। गढ़चिरौली के शंकरपुर गांव के पास ट्रैक्टर पलटने से हुए इस हादसे में नौ लोग घायल भी हो गए। सभी लोग वोट डालकर अपने गांव लौट रहे थे। गढ़चिरौली-चिमूर लोकसभा सीट पर पहले चरण का मतदान जारी है। एक बजे तक 44.33 फीसद मतदान हो चुका है। लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह देखा जा सकता है।
कांग्रेस और भजपा के बीच सीधी टक्कर
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा ने इस सीट पर मौजूदा सांसद अशोक नेते को टिकट दिया है, तो कांग्रेस अपनी ओर से नामदेव उसेंडी को उतारा है। 2014 के लोकसभा चुनाव में अशोक नेते ने कांग्रेस के नामदेव उसेंडी को हराया था। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी का भी प्रभाव रहा है। बसपा ने यहां से हरिचंद्र नागौजी को टिकट दिया है। गौरतलब है कि इस सीट पर अभी तक बसपा को जीत नहीं मिली है।
नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट
लोगों की मौत की घटना से पहले सुबह गढ़चिरौली के ईटापल्ली में पोलिंग बूथ के पास नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट की खबर आई थी। हालांकि, इस धमाके में अभी तक किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। बुधवार को नक्सलियों इस क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के कई जवान घायल हो गए थे।








