कानपुर में अंजलि अरोड़ा का हंगामा: आयोजकों पर भड़कीं ‘कच्चा बादाम’ फेम, 12 मिनट में डांडिया नाइट छोड़ निकलीं
कानपुर: ‘कच्चा बादाम’ फेम टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा गुरुवार रात कानपुर के एक डांडिया कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं से नाराज होकर मंच छोड़कर चली गईं। मोतीझील स्थित लाजपत भवन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट डांडिया’ में वह महज 12 मिनट ही परफॉर्म कर सकीं। इस दौरान उन्होंने दर्शकों की सुरक्षा और आयोजन प्रबंधन पर कड़े सवाल उठाए, जिससे वहां मौजूद फैंस और दर्शकों में भारी निराशा देखने को मिली।
2 घंटे से ज्यादा इंतजार के बाद पहुंचीं मंच पर
15 अक्टूबर को आयोजित इस डांडिया नाइट में अंजलि अरोड़ा को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे शुरू हुआ था, लेकिन अंजलि रात लगभग 9:52 बजे मंच पर पहुंचीं। शुरुआत में उन्होंने कानपुर के लोगों का अभिवादन किया और फिल्म ‘राम-लीला’ के प्रसिद्ध गीत ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ पर डांस प्रस्तुत किया। कानपुर में डांडिया नाइट के दौरान भड़कीं अंजलि अरोड़ा, व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर 12 मिनट में छोड़ा मंच
सुरक्षा और ‘कच्चा बादाम’ गाने पर जताई नाराजगी
कुछ देर डांस करने के बाद अंजलि का गुस्सा फूट पड़ा- अंजलि ने माइक संभालकर दर्शकों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भीड़ का सही से ध्यान नहीं रखा जा रहा है और किसी को चोट भी लगी है। डीजे पर अपना चर्चित गाना ‘कच्चा बादाम’ बजने और अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने आयोजकों को तुरंत मंच पर बुलाने की मांग की। नाराज अंजलि ने कहा कि “इस तरह के इंतजामों के साथ कानपुर में कोई भी कलाकार आने को तैयार नहीं होगा।”
इसके बाद वह मंच छोड़कर चली गईं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।












