LIVE मप्र बज : वित्तमंत्री जयंत मलैया ने शुरू किया बजट भाषण
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में वित्तमंत्री जयंत मलैया बजट पेश कर रहे हैं। इससे पहले विधानसभा में सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी। चुनाव से पहले आखिरी बजट के चलते इसमें चुनावी झलक साफ नजर आएगी। सरकार बजट में हर वर्ग को खुश करने की कोशिश करेगी। वित्त मंत्री जयंत मलैया का ये लगातार पांचवां बजट होगा।
बजट दो लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है। इसमें गांव, शहर, गरीब, किसान, महिला, युवा और कर्मचारियों पर विशेष फोकस रहेगा। सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ सरकार हर वर्ग को कुछ न कुछ देने की कोशिश बजट में करेगी। किसानों के लिए बजट में विशेष प्रावधान रहेंगे तो कर्मचारियों को साधने के लिए उनके हित की कुछ घोषणाएं हो सकती हैं। पेंशनरों को सातवां वेतनमान देने के साथ कुछ कर्मचारी संवर्ग का मानदेय बढ़ाने का खुलासा भी वित्त मंत्री कर सकते हैं।
बजट से पहले मंगलवार को विधानसभा में राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण आया। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में इस साल लगभग 6 हजार 639 रुपए यानी 9.06 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। अग्रिम अनुमानों के हिसाब से राज्य की शुद्ध प्रति व्यक्ति आय 73 हजार 268 रुपए से बढ़कर 79 हजार 907 रुपए हो गई है। 2011-12 के स्थिर भावों से देखें तो यह आय 52 हजार 406 रुपए से बढ़कर 55 हजार 442 रुपए हो गई, जो पिछले साल की तुलना में 5.79 प्रतिशत अधिक है।
आर्थिक सर्वेक्षण 2017-18 में बताया गया कि प्रदेश में लगातार राजस्व आधिक्य की स्थिति बनी हुई है। मार्च 2017 की स्थिति में शुद्ध लोक ऋण 92 हजार 320 करोड़ रुपए रहा। खनिज क्षेत्र में 19.35 फीसदी की राजस्व वृद्धि हुई। नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा राशि में भी बढ़ोतरी हुई है। 2015-16 की तुलना में 2017-18 में जमा राशि में 6.58 प्रतिशत और कर्ज लेने में 11.86 फीसदी का इजाफा हुआ है।








