
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर बहस जारी है। टीडीपी द्वारा पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सुबह 11 बजे से लोकसभा में बहस की शुरुआत हुई। जिसके बाद पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने सदन में अपनी बात रखी। मतदान से ठीक पहले पीएम मोदी विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश ने विपक्ष की नकारात्मकता देखी है। यह कैसी नकारात्मकता है,कैसा विरोध का भाव है, न बहुमत, न नंबर फिर भी अविश्वास प्रस्ताव आया।
राहुल गांधी के गले मिलने पर तंज करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमें सदन में खड़े होने के लिए कहा गया लेकिन यहां से उठाने और बैठाने का अधिकार जनता को है। उन्होंने कहा था कि हम खड़े होंगे तो वो खड़े नहीं हो पाएंगे लेकिन आज मैं खड़ा भी हूं और 4 साल के काम पर अड़ा भी हूं।
उन्होंने कहा कि यह सरकार का फ्लोर टेस्ट नहीं बल्कि विपक्ष का फ्लोर टेस्ट है। विपक्ष अपने कुनबे को बिखेरने से रोकना चाहता है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को अपने साथियों की परीक्षा लेनी है तो कम से कम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव तो न लाईए। हम यहां सवा सौ करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद से आए हैं।
#PM Narendra Modi speaks in Lok Sabha on #NoConfidenceMotion https://t.co/uTCpXaa5uW
— ANI (@ANI) July 20, 2018








