प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजि
कटनी, । संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटनी द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेडक्रॉस समिति के संयुक्त तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटनी श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटनी श्री गोपेश गर्ग तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षित बिसेन ने सहभागिता कर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व एवं उसकी मूल भावना से अवगत कराया।
इस अवसर पर श्री गोपेश गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र का आधार है तथा यह प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ संविधान में निहित कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।
श्री हर्षित बिसेन ने विद्यार्थियों को संविधान में वर्णित राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य एवं भारतीय शासन व्यवस्था में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नीति-निर्देशक तत्व राज्य को सामाजिक एवं आर्थिक न्याय पर आधारित कल्याणकारी व्यवस्था स्थापित करने की दिशा प्रदान करते हैं।
शिविर के दौरान भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि मध्यप्रदेश की धरती से जुड़े पंडित रविशंकर शुक्ल एवं सेठ गोविंद दास जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी संविधान निर्माण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका एवं संविधान को स्वरूप प्रदान करने में उनके ऐतिहासिक योगदान के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने किया तथा आभार प्रदर्शन एनसीसी अधिकारी डॉ. सरदार दिवाकर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रो. जी.एम. मुस्तफा, जिला संगठक रासेयो डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री सागर पटेल एवं डॉ. शुभेंदु मिश्रा सहित महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों तथा विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें एक सजग, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।













