Latest

मजदूर संघ आयुध निर्माणी कटनी को भारत सरकार की मान्यता मिली

कटनी।आयुध निर्माणी कटनी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। वर्ष 1982 में कर्मचारियों के शोषण और समस्याओं के खिलाफ संघर्ष के रूप में गठित मजदूर संघ को आखिरकार भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय से आधिकारिक मान्यता प्राप्त हो गई है। लंबे समय से यह यूनियन कर्मचारियों के हितों, सुविधाओं और अधिकारों को लेकर संघर्षरत थी लेकिन अब तक इसे मान्यता से वंचित रखा गया था।

रक्षा मंत्रालय ने एचएमएस एवं एआईडीईईएफ से संबद्ध मजदूर संघ आयुध निर्माणी कटनी को सरकारी मान्यता का प्रमाण-पत्र जारी किया है। वर्षों से संगठन द्वारा उठाए गए मुद्दों—वर्कलोड में संतुलन, कर्मचारियों एवं परिजनों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, अनुकंपा नियुक्ति तथा अन्य श्रमिक कल्याण योजनाओं—को मंत्रालय के विभिन्न स्तरों पर मजबूती के साथ रखा जाता रहा है।

मजदूर संघ के महामंत्री संजय तिवारी ने कहा कि यह मान्यता संघ के उन सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने संगठन को खड़ा करने से लेकर इसे इस मुकाम तक पहुंचाने में लगातार योगदान दिया। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष शिव पांडेय, महामंत्री नरेंद्र पटेल, तथा एआईडीईईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. एन. पाठक और महासचिव सी. श्रीकुमार के मार्गदर्शन व प्रयासों से यह संभव हो सका।

मान्यता प्राप्त होने की खुशी में निर्माणी परिसर में मिठाई वितरण किया गया। मजदूर संघ के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इसे कर्मचारियों की बड़ी जीत बताया।

 

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि