बरही में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार तीन सगे भाइयों की मौत दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे तीनों युवक, अज्ञात वाहन की टक्कर से बुझ गए तीन घरों के चिरा
कटनी। जिले के बरही थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बरही रोड पर ग्राम पड़रिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक आपस में भाई बताए जा रहे हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिजेहरा, थाना बरही निवासी छोटेलाल कोल (19), अमित लाल कोल (18) और सुमित कोल (20) बुधवार शाम एक ही बाइक पर सवार होकर सिंगोड़ी में आयोजित दशहरा मेले और कार्यक्रम को देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद तीनों देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पड़रिया के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है।
अस्पताल पहुंचे विधायक, परिजनों को बंधाया ढांढस
हृदयविदारक हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त कीं। तीनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।











