फर्जी खाता खुलवाकर, लाखों का अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का भांडाफोड़ कोतवाली पुलिस ने 03 आरोपियों गिरफ्तार कर भेजा जेल, कब्जे से कई पासबुक, एटीएम व सिम बरामद

फर्जी खाता खुलवाकर, लाखों का अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का भांडाफोड़
कोतवाली पुलिस ने 03 आरोपियों गिरफ्तार कर भेजा जेल, कब्जे से कई पासबुक, एटीएम व सिम बराम
कटनी – पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में श्रीमान अति. पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा फर्जी खाता खुलवाने वाले गिरोह का भांडाफोड़ करने में सफलता प्राप्त की गई। गिरोह के सदस्यों द्वारा अपने परिचित के लोगों को पैसों का लालच देकर उनका खाता खुलवाकर खाते से संबंधित दस्तावेज जैसे पासबुक, एटीएम और सिम अपने पास रख लेते थे और उनमें लाखों का अवैध लेन-देन हो रहा था जिसके बारे में खाताधारक को कोई जानकारी नहीं लग पाती थी।
दिनांक 17.02.2026 को रबर फैक्ट्री रोड़ कटनी निवासी अभिषेक तोमर पिता अशोक कुमार तोमर द्वारा थाना कोतवाली कटनी में उपस्थित आकर रिपोर्ट लेख कराई कि इसका दोस्त योगेश सिंह ठाकुर निवासी जालपा वार्ड कटनी हाल शिवाजी नगर गली नं. 02 ने करीब 15 दिन पहले मेरे पास आकर बोला कि मुझे अपने बिजनेस के लिए बैंक अकाउण्ट की जरूरत है, यदि तुम मुझे अपना अकाउण्ट दोगे तो उसके बदले हर माह तुम्हें 10-15 हजार रूपये देता रहूंगा। जो मैनें अपने दोस्त पर भरोसा करते हुए इलाहाबाद बैंक शाखा एन.के.जे. में अपना खाता खुलवाया। खाता खुलने के बाद योगेश सिंह ने मेरे खाते की पासबुक, एटीएम व एकाउण्ट से लिंक मोबाईल नंबर ले लिया। योगेश ने मुझे बोला कि मैं कोई गलत काम नहीं करूंगा खाते में केवल मेरे बिजनेस का पैसा आएगा जिससे तुम्हें भी कुछ आमदनी होती रहेगी। कुछ दिन बाद मुझे बैंक से जानकारी लगी कि मेरे खाते में कुछ ही दिनों में लाखों रूपये का लेन-देन हो रहा है। पैसा कहां से और कैसे आ रहा है ये बात मैनें अपने दोस्त योगेश से पूंछी तो वह बोला कि तुम खाते के लेन-देन से कोई मतलब नहीं रखो, मैं सब देख लूंगा। तब मुझे लगा कि योगेश सिंह ने मुझे विश्वास में लेकर मुझसे धोखाधड़ी की है।
फरियादी द्वारा थाना कोतवाली कटनी में उपस्थित आकर की गई रिपोर्ट पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया एवं दिशा निर्देश प्राप्त किए गए। फरियादी की रिपोर्ट पर अप.क्र. 195/2026 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस का आरोपी योगेश सिंह ठाकुर के विरूद्ध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा आरोपी की पता तलाश करते हुए चंद घंटों में ही आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई। पकड़े गए आरोपी योगेश सिंह ठाकुर ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अपने जान पहचान के लोगों को पैसों का लालच देकर अलग-अलग बैंकों में म्यूल एकाउण्ट खुलवाता है और खाते संबंधी दस्तावेज जैसे पासबुक, चैक बुक, एटीएम कार्ड और खाते में दर्ज मोबाईल नंबर की सिम को हर्ष नागवानी नि. गुरूनानक वार्ड कटनी, अग्नीज उर्फ सैम चंदनानी निवासी जयप्रकाश वार्ड कटनी एवं रजनी यादव निवासी गांधीगंज कटनी को दे देता है। जिसके एवज में प्रति खाते के हिसाब से मुझे कमीशन मिल जाता है। आरोपी द्वारा बताए गए अन्य आरोपियों हर्ष नागवानी, अग्नीज उर्फ सैम चंदनानी एवं रजनी यादव की पता तलाश की गई। जो आरोपी हर्ष नागवानी और अग्नीज उर्फ सैम चंदनानी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। पकड़े गए दोनों आरोपियों के द्वारा भी स्वयं म्यूल खाते खोलकर और योगेश सिंह से मिलने वाले म्यूल खातों को रजनी यादव निवासी गांधीगंज कटनी को देना बताया गया। आरोपिया रजनी यादव की पता तलाश जारी है। फरियादी अभिषेक तोमर के बैंक खाते के बारे में बैंक से जानकारी प्राप्त करने पर 03 दिनों में ही खाते में 06 लाख 35 हजार रू के लगभग संदिग्ध लेन-देन होना पाया गया है। अन्य खातों के बारे में भी संबंधित बैंकों से जानकारी एकत्रित की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में योगेश सिंह ठाकुर पिता स्व. देवेन्द्र सिंह ठाकुर उम्र 31 वर्ष नि. जालपा वार्ड हाल शिवाजी नगर गली नं. 02
हर्ष नागवानी पिता राजल नागवानी उम्र 26 वर्ष नि. सब्जी मंडी गुरूनानक वार्ड कटनी अग्निज उर्फ सैम चंदनानी पिता वरियल दास चंदनानी उम्र 32 वर्ष नि. जयप्रकाश वार्ड कुंदन मार्ग गली कटनी को गिरफ़्तार किया हैँ
आरोपियों से बरामद मशरूका- तीनों आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग व्यक्तियों के बैंक खाते की 07 पासबुक, 07 एटीएम कार्ड व खाते से लिंक सिमकार्ड
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के द्वारा बताया गया कि मामले में 01 अन्य आरोपिया रजनी यादव को शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। मामले में किस प्रयोजन से खाते खुलवाए जा रहे थे और इनमें पैसा कहां से आ रहा था के संबंध में विवेचना जारी है।
पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका- पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन एवं विकास राय की अहम भूमिका रही।








