
Katni Weather पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पूर्वोत्तर अरब सागर से पश्चिम बंगाल में बने कम दबाव के क्षेत्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है। जो दक्षिणी गुजरात, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा से होकर जा रही है। इधर कटनी में दोपहर से जारी बारिश शाम तक कभी तेज तो कभी धीमी धीमी जारी है।
पश्चिमी असम से लेकर पश्चिम बंगाल में बने कम दबाव के क्षेत्र तक एक अन्य द्रोणिका भी बनी है, जो ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़,तेलंगाना से होकर जा रही है। कम दबाव का क्षेत्र काफी धीरे -धीरे आगे बढ़ रहा है। इस वजह से मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है।
अलग-अलग स्थानों पर बनी पांच मौसम प्रणालियों के असर से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार-शुक्रवार को रीवा, सागर, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में बारिश होगी। विशेषकर अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, कटनी सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, पांर्ढुना, नर्मदापुरम, बैतूल में अति भारी बारिश की संभावना है।
रुक-रुककर जारी है बारिश
रुक-रुककर बारिश का दौर तीन-चार दिन तक बना रह सकता है। उधर, एक जून से लेकर बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक मध्य प्रदेश में कुल 365.9 मिमी. बारिश हो चुकी है। जो अब तक की सामान्य बारिश (212.3 मिमी.) की तुलना में 72 प्रतिशत अधिक है। इसमें पश्चिमी मप्र में अभी तक 439.1 मिमी. बारिश हुई है। जो सामान्य बारिश (239.9 मिमी.) के मुकाबले 83 प्रतिशत अधिक है। पूर्वी मप्र में 309.6 मिमी. बारिश हुई है। जो सामान्य बारिश (191.1मिमी.) की तुलना में 62 प्रतिशत अधिक है।
यहां हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पचमढ़ी में 136, नर्मदापुरम 58.6, बैतूल में 44, मलाजखंड में 22.8, छिंदवाड़ा में 21.6, शिवपुरी में 20 मिलीमीटर बारिश हुई।
- कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक चरवाहे पर आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई।
- घटना ग्राम निपनिया में हुई। बकरियां चराने गए 30 वर्षीय कमलभान यादव इस हादसे में घायल हो गया।
- जिले में कई स्कूल में घुटनों तक पानी भरा:पढ़ाई रुकी;
- जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या








