कटनी/रीठी(विवेक शुक्ला)। आपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई करते हुए रीठी पुलिस थाना क्षेत्र के उमरिया गांव से लापता एक 17 वर्षीय किशोरी को हैदराबाद से दस्तयाब कर रीठी लाई है और किशोरी को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया है।
रीठी थाना प्रभारी सतीश तिवारी के मुताबिक ग्राम उमरिया निवासी 17 वर्षीय किशोरी आरती बीते दिनों बिना बताए घर से लापता हो गई थी। परिजन पहले अपने स्तर पर किशोरी की यहां-वहां और नात रिश्तेदारों के यहां खोजखबर लेते रहे लेकिन जब उसका कहीं कुछ पता नहीं चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
किशोरी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने नियमत: अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की। बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व उपपुलिस अधीक्षक मुख्यालय शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतीश तिवारी के द्धारा एक टीम का गठन किया गया। जिसमें सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत विश्वकर्मा शामिल हैं।
बताया जाता है कि मामले की पतासाजी करते हुए पुलिस टीम हैदराबाद के वारंगल जिले में पार्कल नामक जगह पर पहुंची। जहां किशोरी को सकुशल दस्तयाब किया गया और उसको रीठी का लाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

