Katni Police Covid Care: पुलिस कोविड केयर सेंटर का उद्घाटन करेंगे IG
कटनी। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बढऩे तथा जिला चिकित्सालय सहित शहर के निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में आ रही परेशानियों को पुलिस कप्तान मयंक अवस्थी ने गंभीरता से लिया है।
कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराते हुए कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों को समुचित उपचार समय पर दिलाने की पहल की है।
पुलिस अधीक्षक श्रीअवस्थी के निर्देश पर झिंझरी स्थित पुलिस लाइन में 15 बेड का आक्सीजन युक्त कोविड सेंटर तैयार किया गया है। जिसका लाभ पुलिसकर्मियों व उनके परिजनों को दिया जाएगा।
पुलिस विभाग के कोविड सेंटर का उद्घाटन आज शाम जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भगवत सिंह चौहान करेंगे।
कोविड केयर सेंटर का उद्घाटन करने के साथ ही आईजी श्री चौहान लॉकडाउन के तहत पुलिस द्धारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा करेंगे।

