
कटनी। Katni इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से हुई दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर कटनी नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा लीकेज और दूषित जल की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर 9351136230 भी जारी किया है।
जलापूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम को प्रतिदिन की जलापूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में निगमायुक्त तपस्या परिहार स्वयं पाइपलाइन लीकेज और जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं, ताकि शहरवासियों को हर हाल में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
बड़े पैमाने पर निरीक्षण व मरम्मत कार्य
कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम की जल प्रदाय शाखा ने नगर के सभी वार्डों में पाइपलाइनों का निरीक्षण, संधारण और मरम्मत कार्य तेज कर दिया है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां सीवर कार्य के दौरान गंदे पानी के रिसाव या पाइपलाइन लीकेज की शिकायतें मिली थीं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
25 स्थानों से लिए गए जल नमूने, गुणवत्ता मानक अनुरूप
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के जल विभाग ने शहर के विभिन्न वार्डों से 25 जल नमूने एकत्र कर जांच कराई। जांच रिपोर्ट के अनुसार सभी नमूनों की गुणवत्ता मानक अनुरूप पाई गई है।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
नगर निगम द्वारा दूषित जलापूर्ति संबंधी शिकायतों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जल प्रदाय शाखा की टीम को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को निर्बाध और शुद्ध पेयजल मिल सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिकों की सुविधा के लिए निगम प्रशासन ने फिल्टर प्लांट स्थित कार्यालय का हेल्पलाइन नंबर 9351136230 जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर पेयजल संबंधी शिकायतों का शीघ्र निराकरण कराया जा सकता है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी पाइपलाइन लीकेज या दूषित पानी की समस्या नजर आए, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार किया जा सके।








