Katni Crime News: कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर प्रौढ़ की हत्या, इस विवाद के चलते दिया वारदात को अंजाम
Katni Crime News: कटनी। बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम निपनिया में शनिवार की देरशाम एक 55 वर्षीय प्रौढ़ की कुल्हाड़ी से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे जमीनी विवाद को कारण बताया जा रहा है।
बहोरीबंद के निपनिया गांव में वारदात से सनसनी
जमीनी विवाद पर पिता-पुत्र ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने पिता-पुत्र के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में बहोरीबंद थाना प्रभारी रेखा प्रजापति ने बताया कि ग्राम निपनिया निवासी 55 वर्षीय वीरेन्द्र पिता मुन्नी सिंह गौड़ का परिवार के ही अनिल सिंह गौड़ से जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि वीरेन्द्र सिंह गौड़ कल शनिवार की शाम लगभग 7 बजे अपने खेत में काम कर रहा था। उसीदौरान वहां अनिल सिंह गौड़ अपने पुत्र जगदीश सिंह गौड़ के साथ पहुंच गया। यहां एक बार फिर वीरेन्द्र सिंह व अनिल सिंह के बीच जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद बढ़ा तो अनिल सिंह गौड़ ने अपने पुत्र जगदीश सिंह गौड़ के साथ मिलकर वीरेन्द्र के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी दनादन कई बार करने के बाद आरोपी पिता-पुत्र वहां से भाग खड़े हुए। ऊधर वीरेन्द्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने अधिकार में लेकर उसे परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां आज सुबह पीएम के बाद शव अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के विरूद्ध धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज उनकी तलाश में जुट गई।








