मिलावटी खाद्य सामग्री पर कटनी कलेक्टर का एक्शन: अधिकारियों के वेतन रोके, फैक्ट्रियों की औचक जांच
मिलावटी खाद्य सामग्री पर कटनी कलेक्टर का एक्शन: अधिकारियों के वेतन रोके, फैक्ट्रियों की औचक जांच

कटनी (31 मार्च): मिलावटी खाद्य सामग्री पर कटनी कलेक्टर का एक्शन: अधिकारियों के वेतन रोके, फैक्ट्रियों की औचक जांच। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों, कारखानों, होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण कराने और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को निगरानी रखने और तहसीलदारों को सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच में सुस्ती बरतने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर को जिले में पदस्थ तीनों खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के आदेश दिए।
साथ ही, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बरही को समय-सीमा बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे।
गेहूँ, सरसों और चना-मसूर की उपार्जन समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने गेहूँ, चना-मसूर और सरसों के उपार्जन कार्य की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि सरसों की खरीदी भावांतर योजना के तहत 1 अप्रैल से 30 मई तक होगी। इस साल जिले में 742 किसानों ने सरसों के उपार्जन हेतु पंजीकरण कराया है।
जनगणना और स्कूल कार्यक्रम
कलेक्टर ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रगणकों और सुपरवाइज़रों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन में तेजी लाने की हिदायत दी, ताकि 14-15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण किया जा सके।
इसके अलावा, ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत 1 अप्रैल से शुरू होने वाले शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्य विकास कार्य और निर्देश
कलेक्टर ने ई-विकास, जलजीवन मिशन, फार्मर आईडी ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की औचक जांच जारी रखने और लोक सेवा गारंटी मामलों में जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
फसल कटाई के दौरान सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों को तेजी से निराकृत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सभी एसडीएम, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, आरटीओ संतोष पाल, सहायक आयुक्त आदिम जाति विमल चौरसिया, पशुपालन उपसंचालक डॉ. आर.के. सोनी, एलडीएम मेजरस किंडो, मत्स्योद्योग सहायक संचालक आशीष नायक, जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी, जिला पंजीयक पंकज कोरी, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी, उपसंचालक कृषि अरूणिमा सेन अयंगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








