Katni Collector News: जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, पेंशन, राशन और जमीन विवाद के मामले सामने
Katni Collector News: जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, पेंशन, राशन और जमीन विवाद के मामले सामने, कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 157 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
किराए के मकान में प्रवेश दिलाने की मांग
पहरूआ क्षेत्र निवासी 69 वर्षीय तुलसीदास वर्मा ने मकान मालिक द्वारा प्रताड़ना की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बिजली कनेक्शन काट दिया गया और घर का सामान अंदर बंद कर दिया गया है। इस पर कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को मामले के निराकरण के निर्देश दिए।
वृद्धावस्था पेंशन की गुहार
ग्राम पौंसरा निवासी चेतराम ने अपनी और पत्नी के लिए वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
राशन पर्ची की मांग
लाल बहादुर शास्त्री वार्ड के मनोज कुशवाहा ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए राशन पर्ची जारी करने की मांग की। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।
जमीन कब्जा और धमकी का मामला
ग्राम चरगवां निवासी अनिरुद्ध तिवारी ने पुश्तैनी जमीन पर कब्जा और फसल काटे जाने की शिकायत की। साथ ही जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। कलेक्टर ने एसडीएम को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

