katni

Katni : साधना आत्महत्या केस- पति, सास, ससुर व देवर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत पुरैनी में एक विवाहिता द्धारा फांसी लगाकर की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार सदस्यों के विरूद्ध दहेज हत्या व साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया है। जिसमें सास, ससुर व देवर भी शामिल है। मामला दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले माह पुरैनी निवासी साधना पटेल पति दीपक पटेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फांसी के फंदे पर साधना की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने लाश को फंदे से उतार कर जेट पंप के पास रख दिया था और पुलिस को सूचना देकर यह जानकारी दी थी कि साधना की मौत करंट लगने से हुई है।
बहरहाल पुलिस ने मामले में लाश को अपने अधिकार में लेकर पीएम कराते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान साधना की पीएम रिपोर्ट पुलिस के हाथ लगी। जिसमें चिकित्सकों ने साधना की मौत फांसी लगने से होना बताया। उधर साधना की मौत के बाद से मायकेपक्ष के लोग पति दीपक पटेल, ससुर विष्णु पटेल, सास सोमवती पटेल व देवर शुभम पटेल पर दहेज की मांग को लेकर साधना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे थे। कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति के मार्गदर्शन में मामले की जांच की गई और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर पति दीपक पटेल, ससुर विष्णु पटेल, सास सोमवती पटेल व देवर शुभम पटेल के विरूद्ध धारा 498 ए, 304-बी, 201, 34 व 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने में सहायक उपनिरीक्षक विनोद पटेल, मृदुल बाजपेयी, प्रधान आरक्षक प्रहलाद पैकरा, सतीश भगत, आरक्षक अविनाश मिश्रा, समशेर सिंह, जय सिंह, मोहन मंडलोई, शिवप्रकाश तिवारी, महिला आरक्षक मानती प्रजापति की भूमिका सराहनीय रही। थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Back to top button