कटनी। जिले की सीमा रेखा से लगे सतना जिले के मैहर थाना क्षेत्र के एक गांव की तलाकशुदा युवती ने कटनी के एक कारोबारी नरेश बजाज की नींद उड़ा रखी है। आर्थिक दोहन के लिए आए दिन ब्लैकमेलिंग और रोज-रोज की धमकियोंं से तंग व्यवसायी ने मंगलवार को सतना पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल से जनसुनवाई में मिलकर अपनी आप बीती सुनाई। व्यापारी ने कटनी पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार से भी इस मामले की शिकायत की है। बजाज ने पुलिस को आर्थिक लेनदेन का बैंक स्टेटमेंट और ब्लैकमेलिंग के साक्ष्य भी सौंपे हैं।
फेसबुक में बदनाम करने चलाया अभियान
युवती ने कारोबारी नरेश बजाज को गरीबी का वास्ता देकर उधार के तौर पर लगभग ढाई लाख रूपए लिए थे। आर्थिक लेन-देन, युवती के मैहर स्थित एसबीआई ब्रांच के एकांउट के माध्यम से हुआ था। अर्सा बाद व्यवसायी ने जब उधारी की वापसी के लिए तगादा किया तो उस युवती के तेवर बदल गए। उसने अपनी फेसबुक आईडी पर व्यापारी की 10 वर्ष की बेटी की फोटो का दुरूपयोग करना शुरू कर दिया। व्यापारी ने विरोध किया तो युवती ने एफबी की फेक आईडी बनाई और व्यापारी को बदनाम करने का अभियान चला दिया। बदनामी के डर से दबाव में आए व्यवसायी को ब्लैकमेल करते हुए युवती ने ढाई लाख रूपए लौटाने की जगह लगभग 4 लाख रूपए डरा धमका कर ऐंठ लिए। इस तरह से युवती अब तक कटनी के माधवनगर निवासी इलेक्ट्रानिक आइटम कारोबारी नरेश बजाज को लगभग 7 लाख का चूना लगा चुकी है।
ट्रेन में सफर के दौरान हुई थी मुलाकात
व्यापारी नरेश बजाज की शिकायत में आरोप हैं कि मैहर थाना क्षेत्र के एक गांव की इस ब्लैकमेलर युवती ने इन दिनों जबलपुर में डेरा जमा रखा है। कारोबारियों को यूं ही ब्लैकमेल करना ही उसका पेशा है। मार्च 2016 में व्यापारी से इस युवती की मुलाकात जबलपुर से कटनी आते वक्त शटल ट्रेन में हुई थी। नरेश के बगल की सीट उसकी थी। बातचीत में जब युवती को पता चला की नरेश बजाज की कटनी में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम की दुकान है तो उसने टीवी खरीदने के बहाने पहले तो उनका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। कुछ दिन बाद युवती टीवी खरीदने के लिए कटनी पहुंच गई। टीवी के एवज में उसने कुछ रूपए दिए और बाकी उधार करके चली गई। कुछ दिनों बाद फिर से दुकान में पहुंची और बकाए की रकम भी चुकता करके चली गई। इस तरह से युवती ने व्यापारी का भरोसा जीत लिया।
ऐसे बदले तलाकशुदा युवती के तेवर
व्यापारी नरेश बजाज को विश्वास में लेने के बाद एक रोज कटनी पहुंची इस युवती ने गरीबी का वास्ता देकर उधार में ढाई लाख रूपए मांगे। व्यापारी ने उसके मैहर स्थित एसबीआई के एकाउंट में ढाई लाख रूपए जमा करा दिए। रकम वापसी का तय समय पूरा हो जाने पर जब नरेश ने उसे अपने पैसे मांगे तो वो गांव की अपनी जमीन के दस्तावेज लेकर पहुंच गई और फिर से घरेलू जरूरतों का रोना रो कर पैसे की मांग की। व्यापारी ने पैसा देने से इंकार दिया। मार्च 2018 में युवती के तेवर एक बारगी तल्ख हो गए। उसने पैसे नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने व बर्बाद कर देने की धमकियां देनी शुरू कर दी। बदनामी के डर से नरेश जैसे दबाव में आए युवती ने अपनी मां को कई बार भेजकर लगभग 4 लाख रूपए की रंगदारी वसूली ली। शिकायत के मुताबिक अगस्त में युवती एक बार फिर से व्यापारी के पास पहुंची। अबकि उसने अपनी छोटी बहन की शादी का जाल फेंक कर फिर से पैसे की मांग की। अब तक लुट चुके व्यापारी ने पैसे देने से इंकार दिया तो उसने फेसबुक पर बदनाम करने फोन पर धमकाने और जान से मार डालने की धमकियां देनी शुरू कर दी। कारोबारी नरेश बजाज ने सतना पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल व कटनी पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार से ब्लैकमेलर युवती के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की है।