katni

Katni : लूट के इरादे से किया पिता व पुत्र पर जानलेवा हमला

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत मझगवां फाटक के समीप गुरूवार की रात नदीपार क्षेत्र निवासी पिता-पुत्र सड़क दुर्घटना में घायल नहीं हुए थे बल्कि दोनों के ऊपर जान लेवा हमला किया गया था। इस बात का खुलासा घटना में मृत हुए पुत्र की पीएम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए वारदात की गुत्थी को भी सुलझा लिया है तथा पिता-पुत्र पर तलवार से जानलेवा हमला करने के आरोप में मझगवां फाटक निवासी सुनील बर्मन नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि नदीपार क्षेत्र निवासी उत्तम अहिरवार व 13 वर्षीय मोहित अहिरवार गुरूवार की रात किसी कार्यवश देवरीकला रीठी जाने मोटर सायकल में सवार होकर घर से निकले। इसके कुछ देर बाद ही दोनों मझगवां फाटक के समीप बेहद गंभीर हालत में दोनों पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची। जहां प्रारंभिक उपचार के दौरान पुत्र मोहित की मौत हो गई जबकि पिता उत्तम अहिरवार को भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया। पुलिस पहले तो इस मामले को सड़क दुर्घटना समझ रही थी लेकिन जब मोहित की पीएम रिपोर्ट आई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चिकित्सकों ने मोहित की पीएम रिपोर्ट में धारदार हमला किए जाने का उल्लेख किया था।
लिहाजा पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई। बताया जाता है कि मामले में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन व नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति के मार्गदर्शन में काम करते हुए कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह व उनके हमराह स्टाफ को चंद घंटों में ही सफलता मिल गई और पुलिस ने पिता-पुत्र पर तलवार से जानलेवा हमला करने के आरोप में मझगवां फाटक निवासी सुनील बर्मन नामक युवक को वारदात में उपयोग की गई तलवार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सुनील ने पुलिस को बताया कि उसने लूटपाट के इरादे से उत्तम अहिरवार व उसके पुत्र मोहित पर जानलेवा हमला किया था।बाइक सही सलामत मिलने से हुआ संदेह
इस संबंध में कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के पूर्व ही पिता-पुत्र की मोटर सायकल फाटक के एक छोर पर सही सलामत मिलने पर यह संदेह हो गया था कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि जानलेवा हमला है। क्योंकि फाटक के दूसरे छोर पर पिता-पुत्र घायल पड़े थे और मोटर सायकल दूसरे छोर पर सही सलामत थी। थाना प्रभारी विपिन सिंह ने यह भी बताया कि इसलिए पुलिस ने संदेह के आधार पर सुनील बर्मन को अपनी रडार पर लिए रही और पीएम रिपोर्ट में जानलेवा हमला किए जाने का खुलासा होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
शराब के नशे में होने का उठाया फायदा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सुनील बर्मन ने पुलिस को बताया है कि घटना वाली रात उत्तम अहिरवार काफी नशे में था तथा वह बार-बार रास्ते में मोटर सायकल से गिर जा रहा था। फाटक के पास भी पिता-पुत्र मोटर सायकल से गिरे। जिसके बाद उत्तम चबूतरे पर आकर लेट गया और पुत्र रोहित फाटक के उसपार गाड़ी ले जाकर खड़ा करने चला गया। इसी दौरान उसने लूटपाट के इरादे से पहले पिता और बाद में पुत्र पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने सुनील बर्मन की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तलवार को बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Back to top button