देखें VIDEO: Katni में चचेरे भाई के हाथों चली गोली से घायल हुआ था ट्रांसपोर्ट कारोबारी, डर के कारण गढ़ ली कहानी

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हुए 22 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी के मामले की गुत्थी सुलझा ली है। ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर किसी ने गोली नहीं चलाई थी और न ही उसके साथ लूटपाट हुई है बल्कि वह चचेरे भाई के साथ बैठकर बंदूक से खेल कर रहा था, उसीदौरान अचानक बंदूक चल गई और बंदूक से निकली गोली ट्रांसपोर्ट कारोबारी के पेट से होते हुए पीछे रीढ़ की हड्डी में जाकर फंस गई। बाद में परिजनों ने डर वस पुलिस को गुमराह करने लूटपाट की कहानी गढ़ ली और गंभीर हालत में ट्रांसपोर्ट कारोबारी को कचहरी चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार जारी है तथा हालत सुधार पर है।
Katni में भाई भाई के बीच मजाक मजाक में कैसे पिस्टल से चली गोली, देखें pic.twitter.com/IzxHw1yAtk
— yashbharat.com (@yashbharat1) April 8, 2023

गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट कारोबारी ग्राम पुरैनी निवासी 22 वर्षीय सूरज पिता भीम पांडे को शुक्रवार की शाम संदिग्ध अवस्था में गोली लगने के बाद गंभीर हालत में कचहरी चौक स्थित एमजीएम अस्पताल लाया गया। जहां परिजनों ने बताया कि सूरज किसी काम से झुकेही गया था। जहां से लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने उसको गोली मारकर लूटपाट की है। गोली सूरज के पेट से होते हुए पीछे रीढ़ की हड्डी में जाकर फंस गई थी। जिसे आपरेशन कर बाहर निकाला गया। गोली निकलने के बाद सूरज की स्थिति सुधार पर है। ऊधर पुलिस को प्रथम द्रष्टया ही यह मामला संदिग्ध लग रहा था।

कुठला थाना प्रभारी अरविंद जैन ने मीडिया को बताया कि युवक पर दोपहर करीब तीन बजे हमला किया गया लेकिन उसे 6 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके कारण मामला संदिग्ध लग रहा है। बहरहाल पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने जांच शुरू की तो कुछ और ही कहानी सामने आई। मामले का खुलासा करने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में बुलाई गई पत्रकारवार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कारोबारी सूरज पांडे व उसका चचेरा भाई रितिक उर्फ गौरव पांडे कहीं से बंदूक लेकर आए थे।
दोनों शुक्रवार की दोपहर बंदूक को देख रहे थे, इसीदौरान रितिक उर्फ गौरव पांडे के हाथों बंदूक चल गई और बंदूक से निकली गोली सूरज के पेट से होते हुए पीछे रीढ़ की हड्डी में जाकर फंस गई। जिसके कारण सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन पहले यहां वहां उसका उपचार कराते रहे लेकिन जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उसे कचहरी चौक स्थित एमजीएम अस्पताल लेकर आए। जहां परिजनों ने मीडिया व पुलिस को लूटपाट और अज्ञात बदमाशों के द्धारा गोली मारकर घायल करने की जानकारी दी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सूरज के चचेरे भाई के विरूद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।







