katni

Katni : माइंस श्रमिकों को लेकर जा रही बस पल्टी, दो गंभीर

कैमोर। एसीसी कॉलोनी से श्रमिकों को लेकर एसीसी की महगांव माइंस जा रही नसीम बस सर्विस की एक बस आज सुबह डंपर रोड पर अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराते हुए पलट गई। दुर्घटना में चालक और क्लीनर सहित कुछ श्रमिक भी घायल हो गए जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर घायलों को उपचार के लिए कटनी ले जाया गया है जबकि अन्य घायलों का कैमोर में इलाज किया जा रहा। गौरतलब है कि एसीसी की बीएमजी माइंस कैमोर से लगभग 4 किलोमीटर और महगांव माइंस लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
दोनों माइंस में काम करने वाले अनेक स्थाई श्रमिक कैमोर स्थित एसीसी कॉलोनी में रहते हैं। इन श्रमिकों को बीएमजी और महगांव माइंस तक लाने ले जाने के लिए एसीसी द्वारा एक निजी बस सर्विस की बसें अनुबंधित की गई हैं।
हालंाकि इन अनुबंधित बसों में चालक-परिचालक एवं अन्य स्टॉफ एसीसी द्वारा ही रखा जाता है। अनुबंधित बसों में से एक बीएमजी के लिए तो एक महगांव के लिए चलती है। रोज की तरह आज भी महगांव माइंस के लिए सुबह 7 बजे की पॉली वाले श्रमिकों को लेकर बस क्रमांक एम.पी. 21 डी.ए- 0786 कैमोर से महगांव की ओर जा रही थी सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर बस जब एसीसी डंपर रोड में थी तभी एकाएक स्टेयरिंग फेल हो जाने से चालक बस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, बस सड़क के किनारे लगे एक बिजली के खंभे से टकराती हुई नीचे जाकर पलट गई।
दुर्घटना में बस चला रहा राजू डेविड एवं परिचालक सहित कुछ खदान श्रमिक भी जख्मी हो गये। इस बस के ठीक पीछे बीएमजी जाने वाली बस भी आ रही थी।
बीएमजी वाली बस के चालक ने दुर्घटना को देखते हुए वहीं पर अपनी बस रोक दी और घायलों को लेकर एसीसी चिकित्सालय जा पहुंचा थोड़ी देर में ही एसीसी की बीएमजी और महगांव माइंस के अधिकारी भी पहुंच गए चिकित्सकों ने चालक राजू डेविड सहित एक अन्य श्रमिक को गंभीर रूप से घायल देखते हुए उन्हें उपचार के लिए कटनी ले जाए जाने की सलाह दी जिस पर दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद कटनी के लिए रवाना कर लिया गया। अन्य घायलों का एसीसी अस्पताल में उपचार किया जा रहा। एसीसी माइंस प्रबंधक द्वारा दुर्घटना की सूचना कैमोर थाने को दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने अधिकार में लेकर पुलिस जांच कर रही।

Leave a Reply

Back to top button