Katni : भोपाल से आया आटो कंपनी का रीजनल मैनेजर लापतापुलिस मामले की जांच में जुटी

कटनी। कारोबार के सिलसिले में भोपाल से कटनी आए अतुल एजेंसी आटो मोबाइल कंपनी के रीजनल मैनेजर के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। रीजनल मैनेजर कल बुधवार को माधवनगर निवासी एक कारोबारी के यहां से भोपाल जाने के लिए निकले लेकिन आज सुबह तक भोपाल नहीं पहुंचे। जिसके बाद उनकी खोजखबर शुरू की गई। खोजखबर के दौरान उनकी कार व लैपटॉप कुठला थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी रोड पर स्थित सांई मंदिर के समीप लावारिस हालत में खड़ी मिली।

रीजनल मैनेजर के गायब होने की खबर कुठला पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक अतुल एजेंसी आटो मोबाइल कंपनी के रीजनल मैनेजर अतुल गायकवाड़ कल बुधवार को कारोबार के सिलसिले में अपनी कार से कटनी आए थे।

कटनी प्रवास के दौरान अतुल गायकवाड़ बरगवां स्थित एक आटो एजेंसी पहुंचे और वहां एजेंसी संचालक गुड्डा जैन से कारोबार के संबंध में मुलाकात की। इसके बाद श्री गायकवाड़ माधवनगर किसी कारोबारी के पास काम से गए और वहां से भोपाल जाने बोलकर रवाना हो गए। बताया जाता है कि देररात तक व आज सुबह तक भोपाल न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने यहां के कारोबारियों से संपर्क किया।

जिसके बाद अतुल गायकवाड़ की खोजखबर शुरू की गई। प्रारंभिक खोजखबर के दौरान अतुल गायकवाड़ की कार कुठला थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी रोड पर स्थित सांई मंदिर के समीप लावारिस हालत में खड़ी मिली है। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए लापता अतुल गायकवाड़ की तलाश में जुट गई है।
कलरात से बंद हैं मोबाइल
एक जानकारी में बताया जाता है कि अतुल गायकवाड़ अपने पास दो मोबाइल रखते हैं। कटनी से रवाना होकर अतुल गायकवाड़ ने परिजनों को रात तक भोपाल पहुंचने की जानकारी दी थी लेकिन वो कटनी से रवाना होकर देररात तक भोपाल नहीं पहुंचे। जिसके बाद परिजनों ने उनके दोनों मोबाइल नंबरों में संपर्क किया तो उनके दोनों मोबाइल बंद मिले।

जबलपुर से पहुंचे थे कटनी
कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अतुल गायकवाड़ कारोबार के सिलसिले में भ्रमण पर निकले थे, वो भोपाल से रवाना होकर पहले जबलपुर पहुंचे। वहां कारोबारियों से मेल मुलाकात करते हुए कटनी पहुंचे थे।

Exit mobile version