katni

Katni :दान में दी हुई जमीन को हथियाने भूमाफिया सक्रिय,सार्वजनिक कुएं को घेरकर कब्जे की तैयारी

कटनी। जिले में जमीनों के कारोबार में चल रहे खेल में राजस्व अमले व नगर निगम प्रशासन की सांठगांठ ने भू-माफिया गिरोह की हौसला आफजाई की है। निगम प्रशासन के भ्रष्ट मातहत अधिकारियों ने जमीन को सीधा करवाने में दलालों का किरदार निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नईबस्ती क्षेत्र के जय प्रकाश वार्ड में प्रकाश में आया है। यहां पूर्व पार्षद सुरेश रोचलानी के निवास के ठीक सामने सार्वजनिक निस्तार के लिए दी गई दान की भूमि को हथियाकर उसमें भवन व दुकानें बनाए जाने की साजिश की जा रही है। इतना ही नहीं भू-माफियाओं ने राजस्व अमले व नगर निगम के अधिकारियों से सांठगांठ कर सार्वजनिक भूमि पर स्थित सार्वजनिक कुएं को भी घेर लिया गया था लेकिन मीडिया के पहुंचने के बाद दूसरे दिन सिर्फ कुएं की जगह को अलग कर लिया गया। क्षेत्रवासियों की माने तो सार्वजनिक कुंआ को घेरकर चारों तरफ तारों की बाउंड्री वाल तैयार करके करोड़ो की बेशकीमती जमीन को सुरक्षित ही नहीं किया बल्कि निगम से इस विवादित भूमि प्लाट का कथित तौर पर नक्शा भी पास करा लिया है। इसके अलावा इस विवादित भूमि को करोडों में बेचने के लिए भूमाफियाओं ने लाखों का हथौना भी पकड़ा दिया है। मीडिया ने इस भूमि के फोटोग्राफ ी व वीडियो शूटिंग की तो भूमाफिया गिरोह ने दूसरे दिन कुंआ का घेरा अलग कर डाला। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने बताया कि वर्षों पूर्व यह जमीन सार्वजनिक निस्तार के लिए दान में दी गई थी। दान में दिए जाने के बाद सन 1963 में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक स्वर्गीय मोहनलाल रोचलानी के द्धारा सार्वजनिक निस्तार के लिए कुएं का निर्माण कराया गया लेकिन समय गुजरा तो अब जमीन को दान में देने वाले परिवार के ही कुछ सदस्य इसे हथिया कर मोटे दामोंं पर बेचने हथकंडा अपनाने लगे और उनके इस कार्य में राजस्व अमला व नगर निगम के कुछ अधिकारी भरपूर सहयोग कर रहे हैं।

जमीन के संबंध में कुछ रोचक तथ्य

इस जमीन पर निर्माण के लिए आन लाइन नक्शा क्रमांक 0100 मोहनलाल पिता लक्ष्मण दास मोटवानी के नाम से लगाया गया है। जिसमें हाईकोर्ट का आर्डर भी संलग्न किया गया है जो मोहनदास मोटवानी पिता टीकमदास मोटवानी के नाम पर हुआ है । वहीं मुख्तयार नामा (आम) मुख्तार ग्रहिता का नाम मोहनलाल लक्ष्मणदास है । मुख्तारनामा की अवधि 28 फरवरी 2014 को समाप्त हो चुकी है । एमपीईबी की दवब मोहनदास पिता टीकमदास की लगी है। नजूल की एनओसी में पता आदर्श नगर नर्मदारोड वार्ड क्र 13 राजीव गांधी वार्ड मुडवारा कटनी दर्ज है । जबकि शपथ पत्र में आदर्श नगर नर्मदारोड जबलपुर दर्ज है । दूसरा शपथपत्र जो नगरनिगम के प्रारूप के अनुसार जमा किया जाता है वह खाली है मात्र शपथ कर्ता के हस्ताक्षर है । खसरा जो दर्ज कराया गया है उसमें चन्द्रभान वगेरह 4 नाम दर्ज हैं । बाबजूद इस सबके नक्शा स्वीकृत हो गया, बाउंड्री बन गई दान की जमीन का पता नहीं लग पाया और 1 करोड़ में जमीन का सौदा भी चल रहा है ।

Leave a Reply

Back to top button