Katni : डंपर ने मासूम बालिका को रौंदा

कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम शाहपुर में बेलगाम रफ्तार से भाग रहे एक डंपर ने साइकिल में सीधी ठोकर मारते हुए एक बालिका को मौत के घाट उतार दिया। इस दुर्घटना में उसकी दो बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के बीच से दिन भर भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते रहते हैं, जिससे हर समय दुर्घटनाओं का खतरा मंडराता रहता है।
घटना के संबंध में एनकेजे पुलिस ने यशभारत को बताया कि एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम शाहनगर निवासी बाला प्रसाद बर्मन की तीनों बच्चियां 11 वर्षीय पायल, 13 वर्षीय अवनी और 9 वर्षीय काजल घर के समीप ही साइकिल चला रही थीं। इसी दौरान वहां से तेज रफ्तार से गुजर रहे डंपर क्रमांक एम.पी. 20-7400 ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। डंपर की ठोकर लगने के बाद पायल वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अवनी और काजल गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना को अंजाम देकर डंपर चालक मौके से फरार हो गया, वहीं मौके पर जमा हुई लोगों की भीड़ में आक्रोश पनप गया और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक एम पी प्रजापति व एनकेजे थाना प्रभारी अंकित मिश्रा घटनास्थल पहुंचे और लोंगों को समझाइश देकर शांत कराया। आनन-फानन में घायल मासूमों को अस्पताल भेजा गया और पंचनामा आदि की कार्रवाई उपरांत हादसे में मृत हुई बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।








