Friday, May 15, 2026
Latest:
katni

Katni : जमीन पर कब्जे की जांच करने पहुंचे तहसीलदार से विवाद

कटनी। माधवनगर थाना अंतर्गत बरगवां में डन कालोनी के मुहाने पर स्थित जमीन पर अतिक्रमण कर कराए जा रहे बाउंड्रीवाल निर्माण की जांच करने पहुंची राजस्व टीम को जमकर विवाद का सामना करना पड़ा। जमीन की नापजोख के दौरान यहां बाउंड्री वाल का निर्माण करा रहे दो युवक विवाद करते हुए राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों से उलझ पड़े। डन कालोनी से शुरू हुआ विवाद माधवनगर थाने तक पहुंच गया। जहां राजस्व अधिकारियों सहित जमीन पर अपना मालिकाना हक बताने वाले युवकों द्धारा अलग-अलग शिकायत पुलिस से की गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों की अलग-अलग शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बरगवां स्थित डन कालोनी के मुहाने पर स्थित बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों के द्धारा बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है तथा जमीन निजी स्वामित्व की बताई जा रही है। वहीं इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर यह खबर चली की यह जमीन नजूल की है तथा नजूल की बेशकीमती जमीन पर कब्जा कर उसपर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है।

जिसके बाद कल गुरूवार की दोपहर तहसीलदार मुनव्वर खान और राजस्व अधिकारी व कर्मचारी यहां जांच करने पहुंच गए। जांच के दौरान बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे युवक राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों से विवाद करते हुए उलझ पड़े। मौके पर विवाद बढ़ा तो तहसीलदार मुनव्वर खान सत्यम रोचलानी व अशोक पुरूषवानी की शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस तहसीलदार की शिकायत पर जांच कर रही है।

उधर बाउंड्रीवाल का निर्माण कर रहे लोगों का कहना था कि डन कालोनी की जिस जमीन पर बाउंड्री वाल का निर्माण कराया जा रहा है वह निजी स्वामित्व की जमीन है तथा जमीन पर किसी प्रकार से कोई कब्जा न करे इसलिए सुरक्षा की द्रष्टि से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। जमीन का मालिकाना हक बताने वाले युवकों ने तहसीलदार मुनव्वर खान पर भी अनावश्यक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply