Katni : चांडक चौक से जल्द शुरू होगी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

कटनी। चांडक चौक से घंटाघर होते हुए गर्ग चौराहा तक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही जल्द ही शुरू होने वाली है। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली है। प्रथम चरण में जुहला से खिरहनी होते हुए माईनदी तक अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य चल रहा है।
इस कार्य के पूरा होते ही नगर निगम प्रशासन चांडक चौक से बेजा कब्जों को हटाने की कार्यवाही शुरू कर देगा। बताया जाता है कि इसके लिए सड़क की नापजोख की जा चुकी है और नजूल भूमि पर बने अवैध कब्जों को चिन्हित किया जा चुका है। इस दौरान लगभग 700 भवनों के अतिक्रमण के दायरे में होने का पता चला था। शहर की आवागमन व्यवस्था दुरुस्त करने और स्वीकृत सिटी बस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए मुख्य मार्गों के चौड़ीकरण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। गौतलतब है कि चांडक चौक से घंटाघर, गर्ग चौराहा होते हुए जुहला तक यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अत्यंत ही संकीर्ण मार्ग होने की वजह से यहां दिन में कईयों बार जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसके अलावा घंटाघर और आसपास के क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक ट्रांसपोर्ट संचालित होने की वजह से रोजाना कई बार यातायात रेंगता नजर आता है।
कई स्थानों पर अत्यंत ही सकरीहै सड़क
चांडक चौक से घंटाघर, गर्ग चौराहा होते हुए जुहला बाइपास तक जाने वाले मार्ग पर करीब आधा दर्जन से अधिक स्थान ऐसे हैं, जहां पर सड़क अत्यंत ही सकरी हो गई है। जिसमे चांडक चौक से आदर्श कॉलोनी मोड़ तक, जालपा मढ़िया तिराहा, तिलक राष्ट्रीय स्कूल, कनकने स्कूल मोड़, घंटाघर, गर्ग चौराहा शामिल है। इन स्थानों पर दो चार पहिया वाहन एक साथ निकलने पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है।
एक सैकड़ा से अधिक तीन मंजिला भवन
एक जानकारी में यह भी बताया गया है कि पूर्व में कराए गए सर्वे में चांडक चौक से जुहला बाईपास तक एक सैकड़ा से अधिक तीन मंजिला भवन हैं, जिसमें व्यवसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। कई बहुमंजिला भवन ऐसे हैं, जिनमें 6 मीटर तक तोड़फोड़ की जा सकती है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि माननीय हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन ने साल 2015 में तीन मार्गों पर जमे सैकड़ों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी, लेकिन चांडक चौक से जुहला एवं मिशन चौक से स्टेशन रोड के अतिक्रमण को नहीं हटाया जा सका था। बताया जाता है कि अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई में भवनों के उस हिस्से को ढहाया जाएगा, जो शासकीय भूमि पर निर्मित हैं।
कनकने स्कूल के पास दिन भर भारी होती है लोडिंग अनलोडिंग
कनकने स्कूल के पास करीब एक दर्जन से अधिक ट्रांसपोर्ट संचालित है। जिनकी वजह से दिन भर यहां लोडर और अन्य बड़े मालवाहक वाहनों का आना जाना लगा रहता है। दिन भर लोडिंग अनलोडिंग होती रहती है, जिससे आसपास के रहवासी परेशान तो हैं ही, इसके अलावा इस मार्ग पर दिन में कईयों बार जाम की स्थिति निर्मित होती है, हालांकि पुरैनी में ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण में आ रहीं बाधाएं दूर होने के बाद यहां पर संचालित ट्रांसपोर्ट वहां शिफ्ट होने के बाद काफी हद तक समस्याओं का निराकरण हो जाएगा।
इनका कहना है
प्रथम चरण में जुहला बायपास से माई नदी तक अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। यह काम पूरा होने के बाद चांडक चौक से गर्ग चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए सर्वे हो चुका है और अवैध कब्जों को चिन्हित किया जा चुका है। जल्द ही इस ओर भी काम शुरू होगा।
-राकेश शर्मा
कार्यपालन यंत्री, नगर निगम








