Wednesday, April 29, 2026
Latest:
katni

Katni:  आंधी न तूफान, ढह गया दो मंजिला मकान, 1 की मौत

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत ग्राम बड़ेरा में देररात एक दो मंजिला मकान ढहने से मकान के अंदर गहरी नींद में सो रहे दो सगे भाई मकान के मलबे में दब गए। जिसमें से एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बड़ेरा निवासी अर्जुन गड़ारी का दो मंजिला खपरैल मकान है, जो पिछले कई वर्षो से मरम्मत के अभाव में काफी जर्जर हो चुका था। बताया जाता है कि बीते दिनों हुई बारिश में मकान और अधिक जर्जर हो गया। इसके बावजूद अर्जुन गड़ारी इस जर्जर मकान में अपने परिवार के साथ रहता था।

बताया जाता है कि देररात अर्जुन गड़ारी का यह दो मंजिला मकान अचानक ढह गया और उसके मलबे में अर्जुन के दोनों पुत्र क्रमशः 19 वर्षीय शुभम गड़ारी व 18 वर्षीय देवा गड़ारी दब गए। शोरशराबा हुआ तो ग्रामीण मदद के लिए दौड़े तथा मकान का मलबा हटाकर शुभम व देवा को बाहर निकाला और दोनों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने शुभम को देखते ही मृत घोषित कर दिया जबकि देवा को प्रारंभिक उपचार के बाद गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया। कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। श्री सिंह के मुताबिक दुर्घटना में मृत हुए शुभम गड़ारी का शवपरीक्षण कराते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply