J&K में पत्थरबाजों का मुकाबला करेंगी यह ‘सुपर 500’ महिला कमांडो
कश्मीर। कश्मीर में हाल के दिनों में देखा गया है कि पत्थरबाजी में महिलाएं और बच्चे भी काफी संख्या में शामिल रहे हैं. इन से निपटने के लिए सीआरपीएफ ने 500 महिला कमांडो का विशेष दस्ता तैयार किया है. ‘सुपर 500’ नाम के इस दस्ते को पत्थरबाजी से निपटने की हर बारीक ट्रेनिंग दी जा रही है. महिला पत्थरबाजों से निपटने के लिए श्रीनगर में खासतौर पर इन महिलाओं के लिए ट्रेनिंग कैंप चलाया जा रहा है.
इन महिला कमांडो को सबसे पहले खुद को सुरक्षित रखने का पाठ पढ़ाया जाता है. पत्थरबाजी पर नियंत्रण के लिए तीन स्तर पर ट्रेनिंग दी जा रही है. इसके तहत पहले समझाना, भीड़ पर काबू पाना और आखिरकार बल का प्रयोग करना.
पिछले कई सालों से सुरक्षाबलों पर यह आरोप लगा है कि वो मानवाधिकारों का उल्लंघन करते हैं. इस स्थिति से निपटने के लिए भी इस दस्ते को खास हिदायत दी गई है. इसके अलावा किसी साथी के भीड़ में फंस जाने की स्थिति से निपटने की भी विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है.
एक महीने की सघन ट्रेनिंग के बाद ही इस दल की तैनाती होगी. आने वाले दिनों में इस दल को अन्य ऑपरेशन में भी तैनात किए जाने की योजना है. इन्हें कॉम्बिंग, एनकाउंटर और रेस्क्यू ऑपरेशन जैसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण भी दिए जा रहे हैं.
इसके अलावा बारिश के बीच दूर से निशाना लगाने का अभ्यास भी कराया जा रहा है. कश्मीर में आतंकी हमले के वक्त दूर से सटीक निशाना काफी कारगर होता है. जिन जगहों पर बड़े हथियारों को नहीं ले जाया जा सकता वहां पर छोटे हथियारों के प्रयोग की ट्रेनिंग भी दी जा रही है. श्रीनगर के रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग सेंटर में इन महिला कमांडो फोर्स को तैयार किया गया है.