katniमध्यप्रदेश

इन्द्रानगर में जेवर-नकदी चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार चोरी का माल बरामद, साथी की तलाश जारी

इन्द्रानगर में जेवर-नकदी चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

चोरी का माल बरामद, साथी की तलाश जार

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर में मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद कर जब्त की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार इन्द्रानगर गली नंबर-1 निवासी राकेश केशरवानी 12 सितंबर की रात पत्नी और बच्चों के साथ बाहर गए थे। रात करीब 12:30 बजे घर से कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। करीब एक बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने की चेन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट, चांदी के आभूषण एवं बर्तन तथा नकदी गायब मिली।

मामले में 13 सितंबर को कुठला थाने में अपराध क्रमांक 832/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध स्थानों पर जांच की।

जांच के दौरान 21 सितंबर को पुलिस ने इन्द्रानगर गली नंबर-6 निवासी 24 वर्षीय लाला उर्फ मुकेश निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहित के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और नकदी बरामद कर जब्त कर लिए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी के साथी की तलाश की जा रही है।

इनकी रही भूमिका: कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, अजय यादव, राहुल मिश्रा, मोनी गुप्ता, आरक्षक विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button