Jabalpur Road Accident: धनवंतरी नगर चौक पर तेज रफ्तार कार का कहर, 2 की मौत, 1 गंभीर
Jabalpur Road Accident: धनवंतरी नगर चौक पर तेज रफ्तार कार का कहर, 2 की मौत, 1 गंभीर। जबलपुर शहर के धनवंतरी नगर चौक पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ, जब कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज रफ्तार से एक कार चौराहे की ओर आई और अनियंत्रित होकर वहां खड़े युवकों की तरफ बढ़ गई। खतरा भांपते ही कुछ युवक मौके से भाग निकले, लेकिन तीन युवक कार की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर खड़ी मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश जारी है।

