Jabalpur Breaking जीएसटी कार्यालय में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को शहर के ग्वारीघाट रोड स्थित जीएसटी कार्यालय में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान जीएसटी विभाग में पदस्थ इंस्पेक्टर सचिन खरे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के समय कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई की इस कार्रवाई में 10 से 12 अधिकारी शामिल रहे। टीम ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाकर आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर सचिन खरे ने होटल व्यवसायी विवेक त्रिपाठी के ओयो (OYO) ट्रांजैक्शन को लेकर आपत्ति जताई थी और जांच के नाम पर लगभग एक करोड़ रुपये की रिकवरी निर्धारित कर दी थी।
मामले को निपटाने के एवज में इंस्पेक्टर द्वारा होटल कारोबारी से 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। बुधवार को इस सौदे की पहली किश्त के रूप में चार लाख रुपये लेने की बात तय हुई थी। इससे पहले ही कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और जैसे ही कारोबारी ने तय रकम आरोपी इंस्पेक्टर को सौंपी, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान जीएसटी कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक हलकों में बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।








