Jabalpur: स्वच्छता और कोरोना के संक्रमण से बचने संदेशों का प्रसारण के लिए निगम प्रशासन 24 घंटे सतर्क- निगमायुक्त
- स्वच्छता और कोरोना के संक्रमण से बचने संदेशों का प्रसारण के लिए निगम प्रशासन 24 घंटे सतर्क
- प्रशासक बी. चन्द्रशेखर के निर्देशानुसार निगमायुक्त श्री संदीप जी.आर. ने आज 7 प्रचार रथों को दिखाई हरी झंडी
- स्वच्छता में सबकी भागीदारी और कोरोना संक्रमण से खुद बचने और अपनों को भी बचाने के लिए किया जायेगा जनजागरण – निगमायुक्त
जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2021 में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोगों को स्वच्छता के संबंध में जनजागरूक करने के साथ-साथ शहर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आम लोगों को कोरोना के संक्रमण से स्वयं बचने और अपनों को भी बचाने की दिशा में निगम प्रशासन शतर्क है।
आज नगर निगम के प्रशासक श्री बी. चन्द्रशेखर के निर्देशानुसार निगमायुक्त श्री संदीप जी.आर. ने लोगों में जागरूकता पैदा करने 7 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर संभागों एवं वार्डो में प्रचार के लिए रवाना किया। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री संदीप जी.आर. ने बताया कि शहर में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को संक्रमण से बचाने हेतु जनजागरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत आज 7 प्रचार रथों को वार्डो में रवाना किया गया जिसके माध्यम से लोगों में कोरोना के संक्रमण से बचने और दूसरों को भी बचाने के संदेशों का प्रसारण कराया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2021 के अंतर्गत भी लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूक होने और आस पास के लोगों में भी जागरूता लाने संबंध में संदेशों का प्रसारण कराया जा रहा है जिससे की लोग स्वच्छता के महत्व को समझें और उसको आत्मसात कर शहर को साफ, स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती अंजू सिंह ठाकुर, संभागीय अधिकारी श्री राकेश तिवारी, आदि भी उपस्थित रहे। इस संबंध में निगमायुक्त श्री जी.आर. ने बताया कि नगर निगम के 16 संभाग हैं, प्रत्येक संभागों में एक-एक प्रचार रथ को जनजागरूकता फैलाने के लिए चलवाया जायेगा। आज 7 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर बाजार क्षेत्रों में रवाना किया गया और 9 और प्रचार रथों को संभागों में भेजकर लोगों में जनजागरूकता लाने संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जायेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि कोरोना से बचने घर से बाहर निकलते समय मस्क का उपयोग करें और 2 गज की दूरी अनिवार्य रूप से बनाएॅं रखें।

