Jabalpur अपर कलेक्टर ने की अपील: घर मे नौकरों को काम करने न बुलाएं
जबलपुर (यशभारत Breaking) । जिला प्रशासन ने रविवार को एक अपील जारी कर कर्फ्यू और लॉकडाउन के दौरान घरेलू नौकरों को काम पर न बुलाने का अनुरोध शहरवासियों से किया है।
अपर कलेक्टर संदीप जीआर द्वारा जारी इस अपील में कहा गया है कि प्रशासन को ऐसी अनेक सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि कई लोगों द्वारा कर्फ्यू और लॉकडाउन के दौरान भी अपने निवास पर घरेलू कार्य करने वाले महिला-पुरुषों को रोज बुलाया जा रहा है ।
यह भारत शासन के गृह मंत्रालय द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये लॉकडाउन के तहत जारी गाइड लाइन और सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों का उल्लंघन है ।
अपर कलेक्टर ने लोंगो से कहा है कि बजुर्गो और गम्भीर रूप से बीमार व्यक्तियों की सेवा और देख-रेख के कार्य में लगाये गये महिला-पुरुषों को छोड़कर किसी अन्य कार्य के लिए घरों में काम करने वालों को निवास पर न बुलाएं ।
उन्होनें शहरवासियों से मानवीयता का परिचय देते हुये बतौर आर्थिक सहायता ऐसे लोगों को लॉकडाउन की अवधि का वेतन देने का भी आग्रह किया है ।