itel Color Pro 5G Review in Hindi : Rs. 10 हजार के अंदर दमदार कंटेंडर

itel Color Pro 5G Review in Hindi : itel ने हाल ही में भारत में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन – Color Pro 5G लॉन्च किया। वर्तमान में सब-10,000 रुपये प्राइस सेगमेंट में बहुत कम 5G स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। ऐसे में अच्छे स्पेसिफिकेशन्स के साथ 5G कनेक्टिविटी देने वाले इस स्मार्टफोन को लॉन्च कर itel ने सेगमेंट की प्रतियोगिता को गर्मा दिया है। itel Color Pro 5G अपनी कीमत और स्पेसिफिकेशन्स के साथ यह मार्केट में पहले से मौजूद Lava Blaze 2 5G, Nokia G42 5G और अपने ही बड़े भाई itel S24 जैसे स्मार्टफोन से टक्कर लेगा। तो बिना देरी किए चलिए जानते हैं कि itel Color Pro 5G 10 हजार रुपये के प्राइस सेगमेंट में खुद को कहां खड़ा करता है।
itel Color Pro 5G: भारत में कीमत, स्पेसिफिकेशन्स
itel Color Pro 5G की भारत में कीमत 9,999 रुपये है। फोन को केवल 6GB रैम और 128GB स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में लॉन्च किया गया है। यह दो कलर वेरिएंट्स – Lavendary Fantasy और River Blue में खरीदने के लिए उपलब्ध है।
itel Color Pro 5G में 6.6-इंच HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसमें IVCO (itel Vivid Color) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे फोन को धूप में ले जाने पर इसके रियर पैनल का कलर बदल जाता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का मेन रियर कैमरा शामिल है। वहीं, फ्रंट में 8-मेगापिक्सल शूटर मिलता है। Color Pro 5G में 5000mAh क्षमता की बैटरी दी गई है, जो 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। यह MediaTek Dimensity 6080 SoC पर काम करता है। रैम को 6GB तक वर्चुअली बढ़ाया जा सकता है। स्टोरेज को भी माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है। यह वर्तमान में Android 13-बेस्ड UI के साथ आता है। फोन को साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर से अनलॉक किया जा सकता है।
itel Color Pro 5G: डिजाइन, डिस्प्ले
itel Color Pro 5G में प्लास्टिक बिल्ड मिलता है। बैक पैनल टेक्स्चर्ड है, जिसपर उंगलियों के निशान दिखाई नहीं देते है। इसमें एक रंग बदलने वाली टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है, जसे itel IVCO (itel Vivid Color) बोलती है। यह तकनीक सूरज की रोशनी या यूवी लाइट पड़ने पर बैक पैनल के रंग को पिंक कलर में बदल देती है। यूं तो यह कोई प्रैक्टिकल फीचर नहीं है, लेकिन इतनी कम कीमत में इसका शामिल होना एक अच्छा एड-ऑन है। 190 ग्राम वजन के साथ यह भले ही हल्का ना हो, लेकिन वजन को बराबर बांटने का काम अच्छे से किया गया है, जिसके चलते यह हाथ में ज्यादा भारी महसूस नहीं होता। कुछ ऐसा ही बनावट के साथ भी है, जहां 8mm मोटाई के साथ यह स्लिम दिखाई देता है।
डिस्प्ले के चारों ओर अपेक्षाकृत मोटे बेजल्स और नीचे बड़ी चिन है, लेकिन बजट स्मार्टफोन होने के नाते यह अपेक्षित था। सेल्फी कैमरा को वाटरड्रॉप-स्टाइल नॉच के अंदर फिटर किया है। सामने की ओर से यह एक बजट स्मार्टफोन लगता है, लेकिन पीछे से इसका डिजाइन आपको मिड-रेंज डिवाइस की फील देगा। फ्रेम में भी प्लास्टिक मटेरियल का इस्तेमाल हुआ है, जिसके राइट में वॉल्यूम रॉकर्स के साथ पावर बटन है, जो फोन को अनलॉक करने के लिए फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस है। फिंगरप्रिंट सटीक और फास्ट था। सभी बटन की प्लेसमेंट सही है, जहां तक पहुंचने के लिए मुझे ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। लेफ्ट साइट में सिम ट्रे है, जिसमें दो सिम के साथ एक माइक्रोएसडी कार्ड भी लगाया जा सकता है। फ्रेम में नीचे टाइप-सी पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक, माइक के साथ एक स्पीकर ग्रिल मौजूद है। कुल मिलाकर, itel Color 5G की कीमत को देखते हुए मुझे इसका डिजाइन अच्छा लगा। फोन पतला, हल्का होने के साथ मजबूत लगता है और हाथ में एक किफायती फोन की फील नहीं देता है।
इसका 6.6-इंच स्क्रीन साइज कंटेंट देखने के लिए पर्याप्त बड़ा है। हालांकि, यहां itel को HD+ के बजाय FHD+ रिजॉल्यूशन का इस्तेमाल करना चाहिए था। फिर भी, ऑनलाइन कंटेंट स्ट्रीमिंग में मुझे डिस्प्ले परफॉर्मेंस औसत से ऊपर लगी। कहीं-कहीं मुझे कलर्स थोड़े फीके नजर आए। यहां आपको कलर सेटिंग्स बदलने का ऑप्शन नहीं मिलता है, लेकिन आप कलर टेंप्रेचर को कूल या वॉर्म में बदल सकते हैं। पैनल 90Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है, जिसकी वजह से स्क्रोल करने में स्मूथ ट्रांजिशन दिखाई देते हैं। रिफ्रेश रेट सेटिंग्स में 60Hz, 90Hz के साथ एक ऑटो एडजस्ट ऑप्शन भी मिलता है, जो स्क्रीन पर चल रहे कंटेंट के हिसाब से रिफ्रेश रेट को 60Hz और 90Hz पर अपने आप बदलता है। Color Pro 5G के डिस्प्ले के पीक ब्राइटनेस लेवल की जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन मेरे टेस्ट में मैंने पाया कि इसने इन्डोर में अच्छा परफॉर्मेंस किया, लेकिन तेज धूप में कंटेंट देखने में मुझे थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
itel Color Pro 5G: परफॉर्मेंस
itel Color Pro 5G में आपको बजट कीमत में MediaTek Dimensity 6080 SoC की दमदार पावर मिलती है। चिपसेट मार्केट में मौजूद कुछ पॉपुलर मिड-रेंज स्मार्टफोन में भी मिलता है। 6nm प्रोसेस पर बना यह ऑक्टा-कोर प्रोसेसर रोजमर्रा के टास्ट बड़े आराम से संभालता है। ऐप लोडिंग फास्ट थी और कई ऐप्स को एक साथ चलाए रखने पर भी ट्रांजिशन में किसी प्रकार का लैग देखने को नहीं मिला। इसमें 6GB फिजिकल रैम मिलती है, जिसे मेमरी फ्यूजन टेक्नॉलजी के जरिए वर्चुअली 6GB तक और बढ़ाया जा सकता है, जिसके बाद आपके पास कुल 12GB रैम होगी। मैंने बिना वर्चुअल रैम के फोन को टेस्ट किया और अपनी पूरी टेस्टिंग के दौरान मुझे वर्चुअल रैम को इस्तेमाल करने की जरूरत महसूस नहीं हुई।
Color Pro 5G ने मेरे द्वारा किए Geekbench टेस्ट में सिंगल-कोर टेस्ट में 739 और मल्टी-कोर टेस्ट में 2053 स्कोर हासिल किया। वहीं, AnTuTu बेंचमार्क टेस्टिंग में इसने 434365 स्कोर प्राप्त किया। निश्चित तौर पर 10,000 रुपये की कीमत में आने वाले स्मार्टफोन के लिए यह अच्छा स्कोर है। हालांकि, स्कोर स्मार्टफोन की गेमिंग परफॉर्मेंस नहीं दर्शाते। Color Pro 5G कैजुअल गेमिंग के लिए अच्छा है, लेकिन जैसे ही मैंने Call of Duty: Mobile और BGMI जैसे ग्राफिक्स इंटेसिव गेम्स ओपन किए, फोन ने स्ट्रगल करना शुरू कर दिया। यहां वर्चुअल रैम ने भी मेरी ज्यादा मदद नहीं की। यूं तो ये दोनों गेम्स लो सेटिंग्स में आराम से चले, लेकिन कई बार मुझे भारी फ्रेम ड्रॉप देखने को मिले, जिसने मल्टीप्लेयर शूटिंग गेम का मजा किरकिरा किया। हालांकि, Asphalt सहित कुछ ग्राफिक्स डिमांडिंग गेम्स खेलने में मुझे कोई समस्या नहीं हुई। अच्छी बात यह है कि करीब 1 घंटे की लगातार गेमिंग के बाद भी फोन गर्म नहीं हुआ। कुल मिलाकर, Color Pro 5G हार्डकोर गेमर्स के लिए नहीं बना है, लेकिन यदि आप कैजुअल गेमर हैं, तो यह आपको निराश नहीं करेगा।








