Indian Army: छोटे बाहर आ जा…कोई गोली नहीं चलाएगा

बडगाम के चडूरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शुक्रवार को हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों की ओर से दिखाई गई मानवता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
इसमें दिख रहा है कि कैसे सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों व जवानों ने एक स्थानीय आतंकी का आत्मसमर्पण करवाया। इस युवक की जान बचाने पर परिवार वालों ने सुरक्षाबलों का धन्यवाद भी किया।
करीब 2 मिनट 9 सेकेंड के इस वीडियो में सेना के एक अधिकारी ऑपरेशन के दौरान बार-बार आतंकी को हथियार छोड़कर बाहर आने को कह रहे हैं।
इतना ही नहीं पहले छोटे और फिर उसका नाम जहांगीर पुकारते हुए उससे कहते सुनाई दे रहे हैं कि इधर आ जा।
वीडियो में दिख रहे सेना के अधिकारी की पूरी कोशिश है कि उसपर कोई गोली न चलाए, वह बार-बार जोर-जोर से कह रहे हैं कि कोई फायर नहीं करेगा।
अधिकारी ने एक बार तो वायरलेस पर आदेश दिया कि ऑल पार्टी क्वाइट्स। इसके बाद आतंकी जहांगीर को जर्सी छोड़कर और हथियार नीचे रखने के बाद सेना ने उसे अपनी ओर आने को कहा। वीडियो में आतंकी उनकी ओर आता दिखता है।
अधिकारी ने कहा, इधर आ जाओ कुछ नहीं होगा। साथ ही उससे यह भी पूछा कि कोई और तो नहीं था और उसने अपना हथियार कहां रखा है। आतंकी ने दूर सेब के बगीचे की ओर इशारा करते कहा कि वहां पर है।








