Latest

IN INDIALIVE: केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: 30 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 548 जिले बंद

केरल में आंकड़ा 100 के करीब पहुंचा
आईसीएमआर के मुताबिक, देश में संक्रमितों की संख्या 467 पहुंच गई है
अब तक 9 लोगों की मौत, हिमाचल में पहली मौत
इनमें से 402 लोग अभी भी इस वायरस से संक्रमित हैं
महाराष्ट्र के सीएम ने राज्य में कर्फ्यू लगाने का एलान किया
श्रम मंत्रालय की अपील, कर्मचारियों का वेतन न काटें कंपनियांं
पीएम मोदी ने मीडियाकर्मियों को सराहा
एम्स में अगले आदेश तक ओपीडी सेवा पर रोक
पंजाब में लॉकडाउन हुआ नाकाम, लगाया गया कर्फ्यू
अहमदाबाद में 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
केंद्र ने राज्य सरकारों से कहा- नियम तोड़ने पर की जाए सख्त कार्रवाई

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के देखते हुए सोमवार की रात पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई। इसके 30 राज्य के साथ-साथ और केंद्र शासित प्रदेश भी शामिल हैं।

कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे को सील कर दिया गया है।
इंश्योरेंस रेग्युलेटरी ऐंड डिवेलपमेंट अथॉरिटी ने कोरोना वायरस की वजह से बीमाधारकों को नियमों में छूट दी है।

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेने ने कोरोना वायरस की वजह से काम नहीं मिलन से प्रभावित हुए कामगारों की मदद के लिए केंद्र सरकार से फंड की मांग की है।

तमिलनाडु में कोरोना के तीन नए मामले और सामने आए हैं। लंदन से लौटे 25 और 48 साल के 2 लोगों और अन्ना नगर के 54 साल के एक निवासी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इस बात की पुष्टि तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सी विजयभास्कर ने की है।

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर जयपुर में 111 वाहन जब्त
राजस्थान पुलिस ने राज्य सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन एवं पूरे जयपुर शहर में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर जयपुर शहर में कुल 111 वाहन जब्त किये और चार लोगों गिरफ्तार किया गया है।

लंदन से लौटा व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव पाया गया
अमरावतीः लंदन से विशाखापट्टनम लौटे व्यक्ति के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद आंध्र प्रदेश में इस विषाणु के मामलों की संख्या बढ़कर सोमवार को सात हो गई।
प्रधानमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश का सीएम बनने पर ट्वीट कर बधाई दी।

 

केरल सरकार शराब की दुकानें खुली रखेगी, बार बंद रहेंगे
तिरुवनंतपुरमः राज्य की वाम सरकार ने सोमवार को फैसला किया कि कोविड-19 के प्रसार के मद्देनजर राज्य संचालित शराब की दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन बार बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने घोषणा ने यहां कोविड-19 समीक्षा बैठक के बाद इस निर्णय की घोषणा की।

डीएसपी और उसके बेटे के खिलाफ केस दर्ज
तेलंगाना पुलिस ने क्वारंटीन प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने के चलते यहां के एक पुलिस उपाधीक्षक और उनके बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया है। वह हाल ही में लंदन से वापस लौटे थे। डीएसपी के बेटे का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।

राजस्थान में निजी वाहनों पर रोक
राजस्थान में निजी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही मंजूरी होगी। राजस्थान में संक्रमितों की संख्या 32 पहुंच गई है। सोमवार को जोधपुर और प्रतापगढ़ में चार नए मामले सामने आए हैं।

नौसेनिकों की सेहत पर रखी जा रही निगरानी
भारतीय नौसेना के सूत्रों के मुताबिक जरूरी ऑपरेशन में लगे नौसेना के लड़ाकू जहाजों पर भी करीब से निगाह रखी जा रही है। नौसैनिकों की सेहत पर निगरानी रखी जा रही है।

कर्नाटक, गुजरात में पूरी तरह से लॉकडाउन
कर्नाटक में आज रात 12 बजे से 1 अप्रैल तक पूरी तरह लॉकडाउन हो गए हैं। गुजरात में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन हो गया है।

देश में संक्रमितों की संख्या 467 पहुंची, नौ की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 467 तक पहुंच गई है। इसके अलावा इस वजह से नौ लोगों की मौत हो गई है।

दिल्ली में कर्फ्यू पास के साथ ही बाहर निकल सकेंगे
दिल्ली में धारा 144 को सही तरीके से लागू करने के लिए पुलिस ने राज्य को पूरी तरह से सील कर दिया है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा के मुताबिक सिर्फ जरूरी सामान वालों को ही सड़क पर निकलने की अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को भी अपने-अपने जिला पुलिस मुख्यालय से कर्फ्यू पास लेना होगा।

मीडियाकर्मियों को कर्फ्यू पास की जरूरत नहीं होगी
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि मीडियाकर्मियों को कर्फ्यू पास की जरूरत नहीं होगी। हालांकि उन्हें अपनी आईडी साथ रखनी होगी।

केरल में सामने आए आज 28 नए मामले
केरल के मुख्यमंत्री पिनयारी विजयन ने सोमवार को जानकारी दी कि राज्य में 28 नए मामले सामने आए हैं। अब राज्य में कुल मरीजों की संख्या 95 तक पहुंच गई है। इनमें से चार इलाज कराकर घर लौट गए हैं जबकि 91 का इलाज चल रहा है।

बिहार में राशनकार्ड धारकों को एक महीने का राशन मिलेगा मुफ्त
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि राज्य के राशनकार्ड धारकों को एक महीने का राशन मुफ्त मिलेगा। इसके अलावा पेंशन पाने वालों को भी तीन महीने की पेंशन एडवांस में दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिसके पास राशनकार्ड है, उस परिवार को एक हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा कक्षा पहली से 12वीं तक के छात्रों को 31 मार्च तक स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।

वाराणसी के लोगों से संवाद करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लोगों से संवाद करेंगे। वह 25 मार्च को शाम पांच बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आपके पास कोई सुझाव या सवाल हो तो नरेन्द्र मोदी एप के कमेंट सेक्शन में साझा कर सकते हैं।

डॉक्टरों को मिलेगा इनाम
सीएम नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि बिहार के सभी डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ को एक महीने का बेसिक वेतन अलग से प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा।

गुजरात में एक और पॉजीटिव
गुजरात में एक और व्यक्ति कोरोना से पीड़ित हो गया है। राज्य में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक राज्य में अब तक 30 मरीज सामने आ चुके हैं।

मुस्तफाबाद में उपलब्ध होगी स्वास्थ्य सुविधा
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को केजरीवाल सरकार को निर्देश दिए हैं कि वे दंगे प्रभावित क्षेत्र मुस्तफाबाद के राहत कैंप में स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था करे।

सेना की अपील अफवाहों न ध्यान न दें
सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों को लेकर भारतीय सेना ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। सेना के सूत्रों ने कहा कि ऐसी अफवाह उड़ रही है कि सेना को सामूहिक दाह संस्कार की ट्रेनिंग दी जा रही है। यह खबर पूरी तरह से झूठी है।

सेना की सीएसडी कैंटीन बंद
देश के 82 जिलों में सेना जवानों के अपनी यूनिट छोड़ने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा सभी सीएसडी कैंटीन को बंद करने का फैसला किया गया है।

ओडिशा के कई जिलों में भी लॉकडाउन
ओडिशा सरकार ने पुरी, नयागढ़, जगतसिंहपुर, धेनकनल, जाजपुर, भदरक, बालासोर, संबलपुर, झारसुगड़ा में 24 मार्च को सुबह सात बजे से 29 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। अब राज्य के कुल 14 जिलों में लॉकडाउन किया गया है।

हरियाणा के 15 अन्य जिलों में लॉकडाउन
हरियाणा के 15 अन्य जिलों में भी लॉकडाउन कर दिया गया है। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने यह घोषणा की। रविवार को सात जिलों में लॉकडाउन की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

शशि थरूर ने केंद्र को पत्र लिखा
केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर केंद्र सरकार को पत्र लिखकर सांसद निधि के नियमों में छूट की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि सांसद निधि का इस्तेमाल कर टेस्टिंग व स्क्रीनिंग सुविधा पर खर्च किया जा सकता है।

असम में भी लॉकडाउन
असम में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। राज्य के मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि सोमवार 24 मार्च शाम छह बजे से 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन रहेगा।

कल दिल्ली में बाहर निकलने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को स्पष्ट कहा है कि मंगलवार से बाहर निकलने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि नियमों का पालन करें। मंगलवार से हम नियमों का सख्ती से पालन करवाएंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने घरों में रहें।’

कल से 50 फीसदी बसें चलेंगी
सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज जरूरी सेवाओं वालों को अपने कार्यालय पहुंचने में दिक्कत हुई। इसलिए कल से 25 की बजाय 50 फीसदी डीटीसी बसें सड़कों पर चलेंगी।

उद्धव ठाकरे ने कहा, कर्फ्यू लगाना मजबूरी
महाराष्ट्र में लॉकडाउन की घोषणा के बाद लोग घरों से बाहर निकले। इस वजह से मजबूरी में राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘मैं राज्यभर में कर्फ्यू लगाने को मजबूर हूं। लोग नहीं सुन रहे हैं और हम मजबूर हैं।’

स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी मौजूदा हालात की जानकारी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूरी तरह से लॉकडाउन की घोषणा की गई है। 6 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन घोषित किया गया है।
देश में अब तक 415 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 23 लोग ठीक हुए हें जिन्हें छुट्टी दी गई है। जबकि 7 की मौत हुई है, इनमें से कुछ पहले से ही बीमार थे।
आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि देश में 12 प्रयोगशालाएं हैं, जिन्होंने अपना काम शुरू कर दिया है। देशभर में इन 12 प्रयोगशालाओं के 15000 संग्रह केंद्र हैं।
आईसीएमआर-एनआईवी पुणे में कोरोना वायरस की जांच के लिए किट बनाए जाने का काम तेज हो गया है। टेस्ट किट बनाने के लिए एफडीए/सीई की अनुमति की आवश्यकता जरूरी नहीं है। आईसीएमआर-एनआईवी की अनुमोदित टेस्ट किट से फास्ट ट्रैक तरीके से जांच हो सकेंगी, जो मान्य होंगी।
भार्गव ने कहा कि हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वाइन की सिफारिश केवल चिकित्सा कर्मियों के लिए की जाती है जो कोरोना संक्रमित रोगी का इलाज कर रहे हैं। दूसरा, यह केवल घर में संक्रमित मरीजों की देखभाल कर रहे लोगों के लिए इसकी सिफारिश की जाती है। वह वायरस की रोकथाम के लिए इसे ले सकते हैं।
24 मार्च मध्यरात्रि से घरेलू व्यावसायिक उड़ानों पर भी पाबंदी रहेगी। हालांकि कार्गो फ्लाइट पर यह पाबंदी लागू नहीं होगी।
बंगाल में एक की मौत
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि में 57 वर्षीय एक शख्स की सोमवार को करीब 3.35 बजे कार्डिएक अरेस्ट की वजह से मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित पाया गया था। वह और उसका परिवार हाल ही में इटली से लौटा था।

हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल का सुझाव
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की नेशनल टास्क फोर्स ने कोरोना वायरस के गंभीर मामलों में हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल का सुझाव दिया।

बिहार में कोरोना के संदिग्ध विदेशी और भारतीयों को पकड़ा
बिहार के पटना में पुलिस ने किर्गिस्तान के 10 नागरिकों और दो भारतीयों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने का संदिग्ध मानते हुए पकड़ा है। उनके नमूने जांच के लिए एम्स भेजे गए हैं।

सेंसेक्स में गिरावट
सेंसेक्स ने 3934.72 अंक गिरकर 25,981.24 अंकों पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 7,945.70 पर बंद हुआ।

मध्यप्रदेश: सख्ती दिखा रही पुलिस
मध्य प्रदेश के मंदसौर में घर से निकल रहे लोगों से राज्य की पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। पुलिस ऐसे लोगों की ‘मैं समाज का दुश्मन हूं’ लिखे पोस्टर के साथ फोटो ले रही है। साथ ही धारा 144 का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा रही है।

राजस्थान: स्वास्थ्य मंत्री ने कहा स्थिति नियंत्रण में
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि कोरोना को लेकर राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हमारी तैयारियां पूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉकडाउन के समय लोग घर से बाहर नहीं आएं।

तमिलनाडु में 31 मार्च तक धारा 144 लागू

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीसामी ने विधानसभा में जानकारी दी है कि प्रदेश में कल शाम 6 बजे से 31 मार्च तक के लिए धारा 144 को लागू की गई है। राज्य की सीमाओं को भी सील किया जाएगा।
तमिलनाडु के सभी प्राइवेट सस्थानों को अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का निर्देश दिया गया।
कश्मीर: दो छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
जम्मू और कश्मीर पुलिस ने पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में पाकिस्तान और बांग्लादेश की यात्रा से लौट दो छात्रों के खिलाफ जानकारी छिपाने को लेकर एफआईआर दर्ज की है।

दिल्ली आयुष्मान भारत योजना लागू होगी
दिल्ली विधानसभा में वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने की घोषणा की।

कर्मचारियों का वेतन न काटा जाए: मंत्रालय
कोरोना वायरस के चलते श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है कि निजी व सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों का वेतन ना काटा जाए।

संसद के दोनों सदन स्थगित

कोरोना वायरस के चलते संसद के दोनों सदन वित्त विधेयक के पास होते ही अनिश्चित काल के लिए स्थगित।
इस संबंध में हुई थी सर्वदलीय बैठक।

पीएम मोदी की मीडिया संस्थानों से बातचीत
पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इलेक्ट्रानिक मीडिया संस्थानों के सीईओ और एडिटर से बात की।
पीएम ने कहा कि कोविड 19 सबसे बड़ी चुनौती है जिससे निपटने के लिए नवोन्मुखी प्रयास करने होंगे।
पीएम ने रिपोर्टरोंं, कैमरामैनों, टेक्नीशियन के काम को सराहा।
लॉकडाउन और डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने में पीएम ने सहयोग करने की अपील की।

 

केरल में पादरी गिरफ्तार
केरल: चलाकुडी में एक चर्च में प्रार्थना के लिए लोगों को इकट्ठा करने के आरोप में पादरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि केरल में कोरोना वायरस के मरीज महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा हैं।

हैदराबाद में लॉकडाउन

तेलंगाना: लॉकडाउन के बाद हैदराबाद में सड़कें, दुकानें और बस स्टैंड खाली नजर आ रहे हैं। यहां 31 मार्च तक लॉकडाउन है।
तेलंगाना में अबतक 30 संक्रमित मरीज मिले हैं।

सीएम ममता का पीएम को पत्र
प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य में विमानों की लैंडिंग तुरंत रोकने की मांग की है।

एम्स में ओपीडी पर रोक
एम्स में अगले आदेश तक ओपीडी सेवा पर रोक। भीड़ रोकने के लिए लिया गया फैसला।
पंजाब में लॉकडाउन नाकाम, लगा कर्फ्यू
पंजाब में लॉकडाउन सफल नहीं होने पर पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगाया गया। सीएम अमरिंदर सिंह ने किया एलान। आवश्यक सेवाओं को इससे अलग रखा गया है।
पंजाब में बहुत तेजी से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। यहां एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
पंजाब में 21 लोक संक्रमित पाए गए हैं।

इंदौर भी लॉकडाउन किया
कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को 25 मार्च तक लॉकडाउन किया गया। इस बाबत कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव ने आदेश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने शहरवासियों से घरों में ही रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना किसी महत्वपूर्ण आवश्यकता के लोग घर से बाहर न निकलें।

अहमदाबाद में 40 के खिलाफ एफआईआर
गुजरात में अहमदाबाद के खडिया में 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
ये लोग 22 मार्च को अपने घरों के बाहर धारा 144 का उल्लंघन करते हुए इकट्ठा हुए थे।
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर आशीष भाटिया ने ये जानकारी दी।

टूटे नियम, बसों की छत पर बैठकर यात्रा
ट्रेनें रद्द होने के बाद पटना में लोग बड़ी संख्या में बसों की छतों पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं।
बता दें कि बिहार सरकार ने राज्य में लॉकडाउन घोषित किया है। रेलवे ने भी 31 मार्च तक सभी ट्रेनें रद्द कर दी हैं। ऐसे में लोगों के बीच घर जाने के लिए भारी अफरातफरी मची हुई है।
कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन नियमों की अनदेखी हो रही है।

पीएम ने की एयर इंडिया की प्रशंसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए एयर इंडिया की प्रशंसा की।
पीएम ने ट्वीट कर कहा- एयर इंडिया की टीम पर गर्व है जिन्होंने कोरोना वायरस के संकट के बीच हिम्मत दिखाई। उनके इस योगदान को पूरा देश सराह रहा है।

सुप्रीम कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई की तैयारी की जा रही है।
अदालत में पहली बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वकीलों के चैंबर भी बंद रहेंगे।
अगले आदेश तक आमने-सामने की सुनवाई नहीं होगी।
वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सिर्फ अत्याधिक जरूरी मामलों की ही सुनवाई होगी

हिमाचल प्रदेश में भी लॉकडाउन
हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर का एलान, प्रदेश में अगले आदेश तक लॉकडाउन घोषित।
उन्होंने कहा कि लोगों को घबराना नहीं चाहिए क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
सीएम ने कहा कि अगले आदेश तक लॉकडाउन जारी रहेगा। आवश्यक सेवाएं मिलती रहेंगी।

सख्त कानूनी कार्रवाई करें राज्य सरकारें: केंद्र
केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि वह कोरोना वायरस बंद को कड़ाई से लागू करें और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।
राज्य सरकारों से कहा गया है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए।
कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
पीआईबी के मुख्य डीजी केएस धतवालिया ने ट्वीट कर ये जानकारी दी।

सामुदायिक संक्रमण दौर में नहीं पहुंचे: महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, हम मुंबई में विभिन्न चेक प्वाइंट पर भीड़ को हटाने के लिए आदेश जारी कर रहे हैं।
पुलिस धारा 144 के अंतर्गत कार्रवाई कर सकती है।
मैं साफ कर देना चाहता हूं कि अभीतक हम सामुदायिक संक्रमण दौर में नहीं पहुंचे हैं।
राज्य में अबतक 89 कोरोना पॉजिटव मिले हैं जिनमें से 14 नए केस मुंबई और एक नया केस पुणे में मिला है।

संक्रमितों की संख्या 415 पहुंची
आईसीएमआर के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के 19 नए मामले सामने आए हैं।
इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 415 पहुंच गई है।
कोरोना पॉजिटिव हुआ फ्रांस से आया डॉक्टर

गाजियाबाद जिले में कोरोना का तीसरा मामला पाया गया है। फ्रांस से वापस लौटे वसुंधरा निवासी प्राइवेट डॉक्टर में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जिला एमएमजी अस्पताल भर्ती करने के लिए लाई थी, लेकिन यहां पर डॉक्टर ने हंगामा कर दिया और मानवाधिकार में कार्यरत ससुर के हवाले से उच्चाधिकारियों को फोन करा दिया। इसके बाद उसने स्वयं को सफदरजंग अस्पताल रेफर करा लिया। जिले में कोरोना का यह तीसरा मामला है। इसके पहले राजनगर एक्सटेंशन में कारोबारी व उसके बेटे में पुष्टि हुई थी, दोनों इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को 10 लोगों के लिए रिपोर्ट आई थी अभी छह और लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है।
इटली से सबक लेकर कड़े कदम उठाए जाएं: चिदंबरम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने देश के प्रमुख शहरों व नगरों में लॉकडाउन का समर्थन करते हुए कहा कि इटली से सबक लेकर कड़े कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र को अब आर्थिक कदमों की घोषणा करनी चाहिए।
चिदंबरम ने ट्वीट किया- जनता कर्फ्यू खत्म हो गया है। इस अनुभव ने कई मुख्यमंत्रियों को अपने राज्य के कई हिस्सों में तालाबंदी की घोषणा करने के लिए प्रेरित किया है। हमें इस साहसिक कदम के लिए मुख्यमंत्रियों की तारीफ करनी चाहिए। अब हमें कोरोना वायरस के दुष्प्रभाव से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक उपायों की घोषणा किए जाने की जरूरत है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है। रेलवे ने 31 मार्च तक सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया। देश के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे ही दृश्य नजर आ रहे हैं।

कुछ लोग लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे: पीएम
पीएम मोदी ने कहा, कुछ लोग लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया खुद को सुरक्षित रखें, अपने परिवार को सुरक्षित रखें, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। मैं राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि वे कानून-व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराएं।

संसद की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे शिवसेना सांसद

कोरोना वायरस के चलते शिवसेना के सांसद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे।
तृणमूल कांग्रेस पहले ही संसद की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेने की बात कह चुकी है।
बता दें कि आज राज्यसभा सभापति वेंकैया नायडू ने सत्र की अवधि कम करने को लेकर सभी दलों के नेताओं की बैठक भी बुलाई है।

महाराष्ट्र में 89 पहुंची मरीजों की संख्या
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या 89 पहुंच गई है।
बता दें कि देश में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज महाराष्ट्र में ही हैं।
यहां चार शहरों मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी-चिंचवाड़ में लॉकडाउन कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मुंबई में रविवार को 68 वर्षीय फिलीपींस के नागरिक की मौत हो गई।
शुरुआत में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया था लेकिन बाद में स्वस्थ घोषित कर दिया गया था। उसे कस्तूरबा गांधी अस्पताल से एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

उबर ने दिल्ली में बंद कीं सेवाएं
दिल्ली सरकार द्वारा लॉकडाउन की घोषणा के बाद कैब ऑपरेटर उबर ने दिल्ली में अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं।

लखनऊ में सीएए विरोधी प्रदर्शन फिलहाल बंद

लखनऊ: घंटाघर के पास CAA विरोधी प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने #COVID19 के मद्देनजर शहर में हुए लॉकडाउन के चलते अपने विरोध प्रदर्शन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। pic.twitter.com/xFBaNBXig6

वेंकैया नायडू ने बुलाई बैठक

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कोरोना वायरस से उत्पन्न हालात के कारण बजट सत्र की शेष अवधि को तय करने के लिए आज उच्च सदन में विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
संभावना जताई जा रही है कि कोरोना वायरस के मद्देनजर संसद सत्र स्थगित भी किया जा सकता है।

कानपुर में सब्जी मार्केट में उमड़े लोग
उत्तर प्रदेश में कानपुर की रमादेवी सब्जी मार्केट का नजारा। लोग भारी संख्या में सब्जी लेने यहां पहुंचे। बता दें कि यूपी में 16 जिलों में लॉकडाउन घोषित किया गया है।

 

ट्रेनें 31 मार्च तक बंद
प. बंगाल: रेलवे ने सभी ट्रेनें 31 मार्च तक बंद करने का एलान किया है। ये नजारा है खरदाह रेलवे स्टेशन का जहां महज कुछ ही लोग नजर आ रहे हैं।

दिल्ली में 31 मार्च तक लॉकडाउन

दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज सुबह 6 बजे से 31 मार्च तक लॉकडाउन का एलान किया है। कापसहेड़ा में तैनात पुलिस गुड़गांव आने जाने वालों पर नजर रख रही है।

बिहार में 31 मार्च तक लॉकडाउन

बिहार में 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। यहां कल एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने लॉकडाउन का फैसला लिया ये तस्वीरें हैं मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र की।

 

शाहीन बाग में ये हाल

कोरोना का डर दिल्ली के शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों पर भी नजर आ रहा है। यहां सीएए का विरोध कर रहे लोगों की संख्या गिनी चुनी रह गई है।

 

यूपी में 16 जिलों में लॉकडाउन
उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में 23 से 25 मार्च तक लॉकडाउन घोषित।

बिहार में मौत से हड़कंप
कोरोना के चलते बिहार में मौत का पहला मामला सामने आने से लोग सकते में आ गए। कुछ दिन पहले ही कतर से लौटे 38 वर्षीय युवक को शनिवार रात ही पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। वह डायबिटीज का मरीज था और उसकी किडनी भी खराब थी। 60 साल से कम उम्र में मौत का यह पहला मामला है। बिहार में अब तक कोरोना के संक्रमण का भी मामला नहीं आया था। इसके अलावा, रविवार को ही मुंबई में दूसरी मौत की भी खबर आई। मुंबई के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हालांकि, उन्हें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी थी। गुजरात के सूरत में 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह अस्थमा के मरीज थे और दोनों किडनी फेल हो गई थीं। गुजरात में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। मरने वाले सात में से छह लोगों को डायबिटीज थी।

11 दिन में सात मौतें, दो दिन में 40 फीसदी नए केस
कोरोना से संक्रमण के चलते पहली मौत 11 मार्च को कर्नाटक में हुई थी। दूसरी मौत दिल्ली में 13 मार्च को हुई थी। तीसरी मौत महाराष्ट्र में 17 मार्च, चौथी मौत पंजाब में 19 मार्च और एक-एक मौतें बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात में 22 मार्च को हुई। बीते दो दिन में 40 फीसदी नए केस सामने आए हैं।

महाराष्ट्र में सबसे गंभीर स्थिति, धारा 144 लागू
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति गंभीर हो गई है। अब तक यहां 63 मरीजों में कोरोनावायरस की पुष्टि हो चुकी है, जिनका राज्य के अलग-अलग हॉस्पिटल में इलाज जारी है। राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गए हैं। निजी कक्षाएं, परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। वहीं, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, मेरे पास अब महाराष्ट्र में धारा 144 लागू करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। देश के बाहर की किसी भी फ्लाइट को मुंबई में लैंड करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

गुजरात में दो की मौत, एक कोरोना पॉजिटिव दूसरा मरीज संदिग्ध
गुजरात में एक 69 वर्ष के एक पुरुष की सूरत के एक अस्पताल में मौत हो गई। वहीं एक कोरोना संदिग्ध महिला की भी मौत हो गई है। हालांकि, महिला की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

संसद का बजट सत्र आज हो सकता है समाप्त
संसद का बजट सत्र सोमवार को दोनों सदनों में वित्त बिल पास करने के बाद खत्म हो सकता है। सूत्रों ने रविवार को बताया, कोरोना वायरस के मद्देनजर 23 मार्च को संसद सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की घोषणा हो सकती है। इससे पहले, बजट सत्र तीन अप्रैल को समाप्त होना था। टीएमसी समेत कई दलों ने कोरोना वायरस के खतरे और कई राज्यों में लॉकडाउन की घोषणा के बाद सोमवार को सत्र में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था।

सुप्रीम कोर्ट में आज सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सीमित करने का फैसला किया है। इसके तहत अब केवल एक ही बेंच अति आवश्यक मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये करेगी। रविवार रात जारी सूचना के मुताबिक सोमवार को केवल सीजेआई एसए बोबडे और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई करेगी।

बंगाल में कोरोना संक्रमित की तादाद बढ़कर सात हुई
कोलकाता के बालीगंज इलाके में तीन और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही मरीजों की तादाद बढ़ कर सात हो गई है। लंदन से एक युवक कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार होकर कोलकाता लौटा था। अब उसके माता-पिता के साथ घर में काम करने वाली नौकरानी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रविवार को जांच रिपोर्ट आने पर संक्रमण की पुष्टि हुई। यानी एक ही परिवार के तीन लोग इसकी चपेट में आ गए हैं।

Back to top button