कौशल की राह पर कटनी: जिले की सभी 7 शासकीय आईटीआई की सीटें हुईं शत-प्रतिशत फुल, सीईओ अदिति गर्ग ने कलेक्टर को भेजा प्रशस्ति पत्र

कौशल की राह पर कटनी: जिले की सभी 7 शासकीय आईटीआई की सीटें हुईं शत-प्रतिशत फुल, सीईओ अदिति गर्ग ने कलेक्टर को भेजा प्रशस्ति पत्र
कटनी: कौशल विकास के क्षेत्र में कटनी जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रवेश सत्र 2026 में जिले की सभी 7 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (ITI) की कुल 788 सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश दर्ज किया गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के कुशल मार्गदर्शन और प्रयासों के चलते जिले के युवाओं में तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार सृजन बोर्ड (MPSSDEGB), भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सुश्री अदिति गर्ग ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी को प्रशस्ति पत्र प्रेषित कर बधाई व सराहना दी है। शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री देवेश मिश्रा एवं जिला रोजगार अधिकारी श्री अनिल तिवारी ने कलेक्टर से भेंट कर यह प्रशस्ति पत्र उन्हें सौंपा।
मुख्य आकर्षण एवं आंकड़े:
-
शत-प्रतिशत दाखिला: जिले की सभी 7 शासकीय ITI में उपलब्ध 788 सीटों में से 788 सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुका है।
-
बेटियों की मजबूत भागीदारी: कुल 788 प्रवेशों में 544 पुरुष और 244 महिला विद्यार्थी शामिल हैं।
-
30.96% युवतियों की हिस्सेदारी: तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में युवतियों की 30.96 प्रतिशत की भागीदारी उनकी बढ़ती रुचि और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।
रोजगार और हुनर का सशक्त माध्यम
शासकीय आईटीआई युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में व्यावहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद युवा न केवल निजी उद्योगों में रोजगार पाने के योग्य बन रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर भी कदम बढ़ा रहे हैं।








