मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं…” वीडियो कॉल पर सेना की सरेंडर अपील ठुकराकर बोला लश्कर कमांडर लतीफ भट, मुठभेड़ में ढेर
कुलगाम (जम्मू-कश्मीर), yashbharat.com। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई ताजा मुठभेड़ में सेना और पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जानागलपोरा कुलगाम स्थित एक मस्जिद में छिपे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने चारों तरफ से घेर लिया और मुठभेड़ में मार गिराया।
इस ऑपरेशन की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गोलीबारी के बीच सुरक्षाबलों के जवानों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए फंसे हुए आतंकी से वीडियो कॉल पर बात की और उसे आत्मसमर्पण (Surrender) करने का पूरा मौका दिया, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो कॉल पर जवानों की अपील और आतंकी का जवाब
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि मस्जिद में घिर चुके लतीफ भट को सेना के जवान बार-बार जान बचाने और सरेंडर करने के लिए समझा रहे हैं, लेकिन वह किसी भी कीमत पर हथियार डालने को तैयार नहीं हुआ:
जवानों ने दिया सरेंडर का मौका: वीडियो में सेना का जवान आतंकी को ‘लतीफ भाई’ कहकर संबोधित करते हुए कहता है, “लतीफ भाई तुम्हारे साथ ही हैं हम… ये क्यों जुल्म कर रहे हो? सरेंडर करो, रुक जाओ मैं वहीं आता हूं।”
आतंकी ने ठुकराई अपील: जवाब में लतीफ ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया। उसने अरबी में आयत पढ़ते हुए कहा, “मैं निकला हूं, मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं। मेरे साथ बस अल्लाह है, मेरे साथ अल्लाह काफी है।”












