Latest

पति की प्रेमिका ने ही रची थी राखी की हत्या की साजिश; रातीबड़ पुलिस ने खोला मर्डर केस, दो आरोपी गिरफ्तार

पति की प्रेमिका ने ही रची थी राखी की हत्या की साजिश; रातीबड़ पुलिस ने खोला मर्डर केस, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। रातीबड़ के गोरागांव में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का रातीबड़ पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पति की प्रेमिका शशि रैकवार ने अपने पुराने प्रेमी नरेंद्र रैकवार के साथ मिलकर राखी रैकवार की निर्मम हत्या की थी। दोनों आरोपियों ने घर के भीतर ही वारदात को अंजाम दिया और शव को पास ही स्थित एक खंडहर में फेंक दिया था.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शशि को भोपाल से और उसके साथी नरेंद्र को इटारसी से हिरासत में ले लिया है.

लापता शिकायत से मिला शव तक का सुराग

रातीबड़ पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को मोनू रैकवार ने अपनी पत्नी राखी के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्नी के अपहरण की आशंका जाहिर की थी।

गुरुवार को घर के पास स्थित एक खंडहर से तेज बदबू आने पर तलाशी ली गई, जहां एक महिला का ढका हुआ शव बरामद हुआ। शिनाख्त में शव की पहचान लापता राखी के रूप में हुई। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और सौतन का विवाद

पुलिस की पड़ताल में हत्या की मुख्य वजह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग सामने आई:

  • एक ही गांव के निवासी: मोनू रैकवार, उसकी पत्नी राखी और प्रेमिका शशि तीनों मूलतः बीना के एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं।

  • शादी के बाद भी अफेयर: मोनू और शशि का पहले से प्रेम संबंध था। हालांकि, करीब 7 साल पहले मोनू ने राखी से शादी कर ली और उनके दो बच्चे भी हुए। मोनू भोपाल के रातीबड़ में रहकर प्राइवेट काम करता था।

  • घर में जबरन एंट्री: करीब 9 महीने पहले शशि भोपाल आ पहुंची और जबरन मोनू और उसकी पत्नी राखी के साथ रहने लगी। वह मोनू पर अपना अधिकार जमाती थी, जिससे राखी और उसके बीच आए दिन विवाद होता था।

टीवी की आवाज तेज कर दबाया गला

विवाद के कारण राखी कुछ समय के लिए अपने मायके चली गई थी। लगभग 10 दिन पहले जब वह वापस लौटी, तो शशि ने अपने पुराने आशिक नरेंद्र रैकवार के साथ मिलकर उसकी हत्या का खाका खींच लिया।

23 अगस्त को जब पति मोनू काम पर गया, तब शशि ने नरेंद्र को घर बुला लिया। दोनों ने शातिराना अंदाज में पहले टीवी की आवाज तेज की, फिर शशि ने राखी का मुंह दबाया और नरेंद्र ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को पास के खंडहर में ले जाकर चादर से ढक दिया।

सीसीटीवी और सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया।

  • मुख्य आरोपी शशि को भोपाल स्थित उसके ठिकाने से पकड़ा गया।

  • सह-आरोपी नरेंद्र को इटारसी से हिरासत में लिया गया। नरेंद्र वर्तमान में भोपाल के हनुमानगंज क्षेत्र में चाय की दुकान चलाता है और उसके खिलाफ इटारसी व छोला मंदिर थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।

Back to top button