दशहरा पर्व पर यातायात व्यवस्था में बदलाव, भारी वाहनों की नो-एंट्री,20 अक्टूबर को कटनी शहर और 21 अक्टूबर को माधवनगर में दशहरा आयोजन, ट्रांसपोर्टर्स की सहमति से लागू होगा डायवर्ज
कटनी। दशहरा पर्व पर शहर में निकलने वाले जुलूस और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत निर्धारित समय में भारी एवं लोडिंग वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने संबंधित ट्रांसपोर्टर्स और वाहन संचालकों के साथ बैठक कर यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्जन व्यवस्था पर सहमति बनाई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय/यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था तैयार की गई है। थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह, आरआई अंजू लकड़ा और कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक कुलदीप टेकाम की मौजूदगी में थाना कोतवाली परिसर में बैठक आयोजित हुई। इसमें बस एसोसिएशन, ऑटो एसोसिएशन एवं ट्रांसपोर्टर यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में त्योहार के दौरान आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भारी एवं लोडिंग वाहनों को शहर के बाहरी मार्गों की ओर डायवर्ट करने पर सहमति बनी।
20 अक्टूबर को कटनी शहर में नो-एंट्री
कटनी शहर में 20 अक्टूबर को दशहरा जुलूस एवं रावण दहन के मद्देनजर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध 21 अक्टूबर को सुबह 4 बजे तक लागू रहेगा। हालांकि, आमजन की उपस्थिति और यातायात की स्थिति सामान्य होने के आधार पर प्रतिबंध की अवधि तय की जाएगी।
16 से 21 अक्टूबर तक शाम 5:30 बजे से डायवर्जन
श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए 16 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से बसों एवं लोडिंग वाहनों, जैसे 407 और एलपीडी श्रेणी के वाहनों, को बस स्टैंड, बिलहरी मोड़, माधवनगर गेट एवं डन कॉलोनी के पास से शहर के बाहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। निर्धारित प्रतिबंधित समय में बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
21 अक्टूबर को माधवनगर में प्रतिबंध
माधवनगर में 21 अक्टूबर को दशहरा जुलूस एवं रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। यह प्रतिबंध 22 अक्टूबर को रात 2 बजे तक अथवा यातायात सामान्य होने तक लागू रहेगा।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने ट्रांसपोर्टर्स एवं वाहन संचालकों से प्रतिबंधित समय में शहर में भारी और लोडिंग वाहन नहीं लाने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। आमजन से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने, यातायात संकेतों पर ध्यान देने, जुलूस एवं रावण दहन स्थलों के आसपास अनावश्यक पार्किंग से बचने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना निर्धारित यातायात व्यवस्था के अनुसार बनाएं, ताकि दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।











