Latest

Haryana Lockdown Extended: गुरुग्राम, फरीदाबाद सहित हरियाणा में 12 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, सीए व सेना भर्ती परीक्षा की अनुमति

चंडीगढ़। Haryana Lockdown News: हरियाणा सरकार ने कई नई छूट के साथ राज्य में लाकडाउन 12 जुलाई तक बढ़ा दिया है। प्रदेश सरकार जनता की सुविधाओं को देखते हुए हर सप्ताह लाकडाउन में ढील दे रही है। लोग इस ढील का दुरुपयोग करते हुए कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। प्रदेश में बेशक पाजिटिवटी रेट काफी नीचे आ गया है, लेकिन कोरोना की तीसरी लहर की संभावना के चलते अभी खतरा टला होने का दावा नहीं किया जा सकता।

हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लोगों से कहा है कि वह लाकडाउन में कोरोना से बचाव के नियमों का सख्ती के साथ अनुपालन करें। इसमें उनके स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों का भी फायदा है। मुख्य सचिव विजयवर्धन की ओर से जारी नए आदेश के तहत महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत 12 जुलाई को सुबह पांच बजे तक लाकडाउन लगा रहेगा। इस दौरान सरकार ने चार्टर्ड अकाउंटेंट इंस्टीट्यूट्स को सीए की परीक्षाएं कराने की अनुमति प्रदान कर दी है। यह परीक्षाएं पांच जुलाई से 20 जुलाई के बीच होंगी।

राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षाओं के लिए केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों व गाइडलाइन का अनुपालन जरूरी है। इसके अलावा सरकार ने आर्मी द्वारा हिसार में भर्ती के लिए होने वाले कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईई) की भी अनुमति प्रदान कर दी है। बाकी सभी छूट पहले की तरह रहेंगी।

अब तक ये हैं छूट, जो रहेंगी बरकरार

  1. विश्वविद्यालयों के कैंपस खोलने की अनुमति, लेकिन इनमें फिलहाल रिसर्च स्कालर ही आ सकेंगे।2. विश्वविद्यालयों में लैब में प्रैक्टिकल के लिए भी छात्र-छात्राओं को अनुमति

  2. विश्वविद्यालयों में शिक्षक सिर्फ उन विद्यार्थियों की क्लास ले सकेंगे, जिनके पढ़ाई में कुछ डाउट्स (संशय) हैं। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को लिए 31 जुलाई तक बंद रहेंगे।

  3. खेल स्टेडियम पहले ही खोल दिए थे, लेकिन अब इनमें आउटडोर गेम्स भी हो गए हैं।

  4. दुकानें खुलने का समय सुबह नौ बजे और बंद करने का समय रात आठ बजे पहले की तरह है।

  5. माल सुबह 10 बजे से रात को आठ बजे तक खुल रहे हैं।

  6. रेस्टोरेंट, बार (होटल व माल समेत) का समय सुबह 10 बजे खुलकर रात 10 बजे तक है। बैठने की क्षमता 50 फीसद ही रखी गई है।

  7. खाने की होम डिलीवरी रात 10 बजे तक की जा सकेगी।

  8. धार्मिक स्थल एक बार में 50 लोगों की मौजूदगी रह सकती है।

  9. सभी कारपोरेट आफिस पूरी हाजिरी के साथ खुल रहे हैं।

  10. ओपन स्पेस में 50 लोगों के जमा होने की अनुमति।

  11. बरात लाने व ले जाने पर अभी प्रतिबंध ही रहेगा।

लोग नहीं माने तो हमें सख्ती करनी पड़ेगी

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका अभी खत्म नहीं हुई है। देखने में आ रहा है कि लोग धीरे-धीरे लापरवाह होते जा रहे हैं। यह उनकी खुद के स्वास्थ्य के लिए उचित नहीं है। लोगों को दो गज की दूरी और मास्क की गाइड लाइन का सख्ती से अनुपालन करना होगा। उन्हें सेनेटाइजर से अपने हाथ साफ करने होंगे। तीसरी लहर से बचने के लिए सरकार व जनता के संयुक्त प्रयासों की जरूरत है। यदि लोग नहीं माने तो हमें मजबूरी में सख्ती करनी पड़ेगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम