छतरपुर पथराव कांड के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद गिरफ्तार, ट्रैफिक थाने के पास दबोचा गया
हाजी शहजाद पर दस हजार रुपये का इनाम था, फरारी के दौरान कहां-कहां रहा, पुलिस कर रही पूछताछ

- छतरपुर पथराव कांड के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद गिरफ्तार, ट्रैफिक थाने के पास दबोचा गया। हाजी शहजाद पर दस हजार रुपये का इनाम था, फरारी के दौरान कहां-कहां रहा, पुलिस पूछताछ कर रहीहै। छतरपुर पथराव कांड के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे ट्रैफिक थाने के पास पकड़ा गया। एसपी अगम जैन ने कहा कि हाजी शहजाद फरार था और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
- पथराव कांड में शामिल मुख्य आरोपित हाजी शहजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे ट्रैफिक थाने के पास देखा गया और उसे दबोच लिया गया। हाजी शहजाद अली सहित फरार आरोपितों पर दस दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। चर्चा है कि हाजी शहजाद जिला न्यायालय में सरेंडर करने जा रहा था लेकिन अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वह कहां और क्यों जा रहा था इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पत्थरबाजी का मास्टर माइंड
हाजी के पकड़े जाने पर एसपी अगम जैन ने मीडिया को बताया कि पत्थरबाजी के मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से यह फरार चल रहा था। अब पुलिस को अन्य फरार आरोपितों की तलाश है। एसपी ने बताया कि वह जांच पड़ताल कर रहे हैं कि फरारी समय में वह कहां-कहां रहा। इससे पहले हाजी शहजाद का बंग्ला प्रशासन पहले ही तोड़ चुका है।
गिरा दिया गया था शहजाद का बंगला
महाराष्ट्र में संत रामगिरी महाराज की टिप्पणी के विरोध में शहजाद सहित सैकड़ों लोगों ने थाने में उपद्रव किया था। पत्थरबाजी में कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी। मुख्य आरोपित शहजाद हाजी के आलीशान मकान को तीन बुलडोजर से तोड़ा गया था, महंगी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। इस मामले ने पूरे देश में सूर्खियां बटोरीं थीं।
naidunia_image
46 नामजद आरोपियों सहित डेढ़ सौ आरोपित
कोतवाली थाना परिसर में पथराव और विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल को गंभीर चोटें आईं और संपत्ति को नुकसान हुआ था। इस मामले में 46 नामजद और 150 से अधिक आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर 70 उपद्रवियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में है।








