गूगल से कस्टमर केयर का नंबर निकालना पड़ा भारी; शर्ट ऑर्डर करने वाले बुजुर्ग हुए साइबर ठगी का शिकार, हैक हुआ मोबाइल
जबलपुर: इंटरनेट और गूगल सर्च से किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर निकालना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक ताजा मामला सामने आया है। ई-कॉमर्स वेबसाइट से एक कमीज (शर्ट) ऑर्डर करने वाले बुजुर्ग साइबर ठगों के जाल में फंस गए। डिलीवरी न मिलने पर जब उन्होंने इंटरनेट से नंबर निकालकर संपर्क किया, तो ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर खाते से ₹25,000 उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर ओमती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के मुताबिक, राम मनोहर लोहिया वार्ड निवासी अनिल चौरसिया (62 वर्ष) ने बीते 3 जुलाई को एक प्रसिद्ध ई-कॉमर्स वेबसाइट से ऑनलाइन पेमेंट कर एक कमीज ऑर्डर की थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब सामान की डिलीवरी नहीं हुई, तो उन्होंने मदद के लिए इंटरनेट (गूगल) पर संबंधित कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। गूगल से कस्टमर केयर का नंबर निकालना पड़ा भारी; शर्ट ऑर्डर करने वाले बुजुर्ग हुए साइबर ठगी का शिकार, हैक हुआ मोबाइल
بدकिस्मती से उन्हें जो नंबर मिला, वह असली कंपनी का न होकर साइबर अपराधियों का था।
वीडियो कॉल और लिंक भेजकर ऐसे किया मोबाइल हैक
जैसे ही पीड़ित बुजुर्ग ने उस नंबर पर कॉल किया, दूसरी तरफ मौजूद ठग ने खुद को ई-कॉमर्स कंपनी का बड़ा अधिकारी बताया। उसने डिलीवरी में देरी के लिए माफी मांगी और पैसे रिफंड करने का झांसा दिया।
-
वीडियो कॉल का जाल: जालसाज ने पहले बुजुर्ग को एक इंटरनेट मीडिया वीडियो कॉल की ताकि उनका भरोसा जीता जा सके।
-
भेजा फर्जी लिंक: बातचीत के दौरान ठग ने रिफंड प्रोसेस पूरा करने के नाम पर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात लिंक भेजा।
-
एक घंटे के लिए फोन हुआ ‘डेड’: जैसे ही अनिल चौरसिया ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल स्क्रीन पूरी तरह से फ्रीज (हैक) हो गया। करीब एक घंटे तक उनका फोन उनके नियंत्रण से बाहर रहा।
-
खाता हुआ साफ: जब करीब एक घंटे बाद फोन दोबारा चालू हुआ, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके बैंक खाते से ₹25,000 किसी दूसरे अज्ञात खाते में ट्रांसफर किए जा चुके थे।
पुलिस की अपील: केवल ऑफिशियल ऐप या वेबसाइट का ही करें इस्तेमाल
शुक्रवार को ओमती थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस ने आम नागरिकों और विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि वे ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए इन बातों का विशेष ध्यान रखें:
सुरक्षा टिप्स:
- कभी भी गूगल सर्च इंजन पर सीधे किसी बैंक, ई-कॉमर्स कंपनी या कूरियर सर्विस का कस्टमर केयर नंबर न खोजें। ठग वहां अपने फर्जी नंबर विज्ञापन के जरिए ऊपर रैंक करा देते हैं।
- हमेशा संबंधित कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप (Official App) या उनकी आधिकारिक वेबसाइट के ‘Contact Us’ पेज पर जाकर ही नंबर लें।
- किसी के कहने पर मोबाइल में कोई भी रिमोट एक्सेस ऐप (जैसे AnyDesk, TeamViewer) डाउनलोड न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करें।
