माधवनगर पुलिस की बड़ी सफलता, फरार आरोपी गिरफ्तार,पांच चोरी की वारदातों का खुलासा, करीब 3 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद
माधवनगर पुलिस की बड़ी सफलता, फरार आरोपी गिरफ्तार,पांच चोरी की वारदातों का खुलासा, करीब 3 लाख रुपये का चोरी का माल बराम
कटनी। माधवनगर पुलिस ने अमकुही इंडस्ट्रियल एरिया एवं माधवनगर क्षेत्र में हुई चोरी की पांच वारदातों का खुलासा करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार अमकुही इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्रियों में हुई तीन चोरी की घटनाओं में तार, एसी, टीवी, एलईडी, इन्वर्टर-बैटरी, सिलेंडर, मशीन पैनल, पार्ट्स, वायर एवं टूल्स सहित अन्य सामान चोरी हुआ था। वहीं कृष्णाधाम कॉलोनी से दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में माधवनगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत पांच प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। टीम ने घटनास्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा भौतिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सोनू साहू उर्फ काला, पिता कल्लू साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी बिलहरी थाना कुठला, हाल संतनगर थाना कोतवाली, जिला कटनी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रामचंद्र ठाकुर निवासी कैलवारा के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दूसरा आरोपी रामचंद्र ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक वहाब खान, प्रधान आरक्षक श्रीकांत सेन, आरक्षक पवन सिंह, कमलेश बैरागी, नीलेन्द्र गौतम, मणि, रोहित सिंह, संजय सिंह एवं नवीन शुक्ला, चौकी बिलहरी से प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा एवं आरक्षक उमाकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।